PM दौरे से 10 घंटे पहले बीजेपी HQ से 500 मीटर दूर जूस विक्रेता की हत्या
Juice vendor murdered 500 meters from BJP HQ
पंचकूला। एमडीसी क्षेत्र में रंजिश को लेकर समझौते के लिए बुलाई गई बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। वीरवार रात करीब 9 बजे सकेती रोड स्थित भाजपा कार्यालय के समीप पार्क में हुए विवाद के दौरान जूस विक्रेता कपिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
मृतक की पहचान एमडीसी के सकेतड़ी गांव सेक्टर-4 निवासी कपिल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ सकेतड़ी गांव में रहता था और एमडीसी में जूस की रेहड़ी लगाकर आजीविका चलाता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कपिल की कुछ युवकों से रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष पार्क में पहुंचे थे। मौके पर दोनों पक्षों के करीब 20 से 25 युवक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कपिल पर चाकू से वार किए गए।
गंभीर रूप से घायल कपिल किसी तरह पार्क से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा। इसी दौरान सामने से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम को देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। डायल-112 की टीम ने घायल कपिल को तत्काल सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हमले में घायल दूसरे युवक की पहचान सकेती निवासी अभिषेक के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात मौके पर DCP क्राइम अमरिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य वजह माना जा रहा है।
मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम पहुंची। मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया। CIA इंचार्ज विजय कुमार और क्राइम ब्रांच 19 के इंचार्ज परवीन मलिक भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अस्पताल से कई युवकों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गए।
खास बात: देश के प्रधानमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ दौरे पर हैं। हत्या उनकी यात्रा से करीब 10 घंटे पहले बीजेपी हेडक्वाटर से 500 मीटर की दूरी पर हुई।