रायपुर में संगठन सृजन अभियान के तहत राहुल गांधी का संदेश, कांग्रेस जिलाध्यक्षों को गुटबाजी से दूर रहने की सलाह
Rahul Gandhi's message in Raipur
रायपुर। Rahul Gandhi's message in Raipur, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिलाध्यक्षों को गुटबाजी से दूर रहने की सलाह दी है। वे संगठन सृजन अभियान के तहत रविवार को रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे थे।
प्रशिक्षण शिविर में मौजूद जिलाध्यक्षों ने बताया कि राहुल ने कहा है कि जिलों के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बातों को ध्यानपूर्वक सुनें लेकिन अंतिम निर्णय लेते समय पार्टी के हित और संगठन की मजबूती को प्राथमिकता दें।
बैठक में राहुल ने कहा कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे पार्टी को नुकसान पहुंचे। यदि कोई नेता या कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों के विपरीत कार्य करता है तो उसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को देकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
चुनावों में जिलाध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण
आगामी विधानसभा चुनावों में जिलाध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। संगठनात्मक और राजनीतिक फैसलों में उनकी राय को महत्व दिया जाएगा। इस बीच प्रदेश प्रभारी सचिन पायलेट ने कहा कि जब-जब लोगों की जमीन छीनी जाएगी या बिना संवेदनशीलता के पेड़ काटे जाएंगे, तब-तब वे छत्तीसगढ़ आएंगे।
जरूरत पड़ी तो 10 बार भी आएंगे, लेकिन जनता की आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राहुल गांधी के रायपुर दौरे पर कहा कि पार्टी का काम है, लोग आते-जाते रहते हैं लेकिन सच्चाई यह भी है कि राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, उसका हश्र क्या होता है, यह पूरा देश जानता है।