'प्रिय मित्र नरेंद्र...', हिंदी में बोले मैक्रों, PM मोदी की शान में गढ़े कसीदे, बताया कब आएंगे भारत
Emmanuel Macron Hindi Message To PM Modi
Emmanuel Macron Hindi Message To PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए फ्रांस के दौरे पर गए थे, जहां राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने जोरदार स्वागत किया. फिर पीएम मोदी जब अपनी विदेश यात्रा पूरी कर स्वदेश लौट रहे थे, तो मैक्रों ने एक बार फिर अनोखे अंदाज में उनकी विदाई की. राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के लिए एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने हिंदी में प्रधानमंत्री को अपना प्रिय मित्र बताया और कहा कि फ्रांस आपसे प्यार करता है.
राष्ट्रपति मैक्रों ने कल गुरुवार को पीएम मोदी के लिए हिंदी में विदाई वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में मैक्रों ने कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है आप का नीस, एवियॉन और पेरिस दौरे के लिए स्वागत करते, फ्रांस भारत की दोस्ती अमर रहे.” हिंदी में ये लाइन बोलने के बाद मैक्रों ने यह भी कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह सही था.”
फ्रांस आपसे प्यार करता हैः राष्ट्रपति मैक्रों
राष्ट्रपति मैक्रों ने पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा के लिए उनका धन्यवाद किया और यात्रा को ‘बहुत सार्थक’ बताया. उन्होंने अगले साल फरवरी में फिर से मिलने की उम्मीद भी जताई. मैक्रों ने कहा, “आपकी यात्रा के लिए बहुत धन्यवाद. हमारी दोस्ती के लिए धन्यवाद. यह बहुत ही सार्थक यात्रा रही. फ्रांस आपसे प्यार करता है. हम आपको जल्द ही फरवरी में फिर से देखने के लिए उत्सुक हैं. जय हिंद.”
इससे पहले पीएम मोदी 2 देशों की यूरोप यात्रा के तहत पहले चरण में 13 जून को भूमध्यसागरीय शहर नीस पहुंचे थे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों के साथ भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का उद्घाटन किया और द्विपक्षीय बैठक भी की.
2 देशों की यूरोप यात्रा पर थे PM मोदी
फिर वहां से पीएम मोदी ने स्लोवाकिया की ‘ऐतिहासिक’ यात्रा पूरी की. वह स्लोवाकिया की यात्रा करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं. स्लोवाकिया से वापस आकर पीएम मोदी मंगलवार और बुधवार को फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए, जहां भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया था.
पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया 2 देशों की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद कल गुरुवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए. पीएम मोदी ने यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “फ्रांस की यह यात्रा बातचीत और नतीजों के लिहाज से बहुत ही बढ़िया रही. शुरुआत नीस में ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम से हुई, इसके बाद जी7 के लिए एवियॉन और फिर पेरिस में कार्यक्रम हुए, जहां मैंने ‘विवाटेक 2026′ और एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया, साथ ही कई कंपनियों के सीईओ से भी मुलाकात की.’
राष्ट्रपति मैक्रों को धन्यवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मैं अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां के लोगों का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए विशेष रूप से आभारी हूं. आने वाले समय में भारत-फ्रांस की दोस्ती और मजबूत होगी.”