स्ट्रेट ऑफ होर्मुज: ओमान तट के पास एमटी ‘सेट्टेबेलो’ हमले में 2 भारतीय नाविकों की मौत, चीफ इंजीनियर अभी भी लापता
Strait of Hormuz: 2 Indian sailors killed in attack
नई दिल्ली। Strait of Hormuz: 2 Indian sailors killed in attack, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पासओमान तट पर वाणिज्यिक पोत 'एमटी सेट्टेबेलो' पर हुए हमले में दो भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) अभी भी लापता हैं। फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के महासचिव मनोज यादव ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए एक बड़ा दावा किया है कि अमेरिकी नौसेना बलों को जहाज पर सवार क्रू की राष्ट्रीयता के बारे में '101% जानकारी' थी।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए बताया है कि जहाज पर सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, और ओमान स्थित भारतीय दूतावास लापता नागरिकों की खोज के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। लापता तीन में दो के मौत की पुष्टि हो गई है। जबकि लापता चीफ इंजीनियर की तलाश जारी है।
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया के महासचिव मनोज यादव ने कहा कि पोत से संपर्क बुरी तरह से बाधित हो गया है और विवरणों की अभी भी पुष्टि की जा रही है।
मनोज यादव ने समाचार एजेंसी एएनाई को बताया कि हम जहाज से संपर्क स्थापित करने में असमर्थ रहे हैं। मेरे पास जो नवीनतम जानकारी है, उससे पता चलता है कि दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि चीफ इंजीनियर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रभावित तीनों नाविक भारत के अलग-अलग राज्यों से थे। उन्होंने कहा, "ये तीनों हिमाचल प्रदेश, देवरिया (उत्तर प्रदेश) और आंध्र प्रदेश से हैं।"
अमेरिका को पता था की जहाज में कौन-कौन था सवार?
मनोज यादव ने आगे बताया कि मैं यह मानने से बिल्कुल इनकार करता हूं कि अमेरिका को उन जहाजों पर सवार लोगों की राष्ट्रीयता के बारे में जानकारी नहीं थी। मुझे 101% यकीन है कि अमेरिकी नौसेना को ठीक-ठीक पता था कि उन जहाजों पर कितने भारतीय और विदेशी नागरिक सवार थे। अगर जहाजों ने उनके निर्देशों का पालन नहीं किया, तो उन्हें हिरासत में लेना एक उचित विकल्प था।
इससे पहले, विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को ओमान के तट पर स्थित जहाज एमटी सेट्टेबेलो पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा था कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अभी भी लापता हैं। ओमान स्थित हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और चल रहे खोज एवं बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।