हेमंत खंडेलवाल बने MP BJP के नए अध्यक्ष; केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आधिकारिक घोषणा की, संघ और सीएम की पसंद बताए जा रहे

Hemant Khandelwal New BJP President Madhya Pradesh

Hemant Khandelwal New BJP President Madhya Pradesh

MP BJP New President: बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। हेमंत खंडेलवाल मध्य प्रदेश बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने खंडेलवाल का नाम प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर घोषित किया। हेमंत खंडेलवाल वर्तमान में बैतूल से विधायक हैं। वह निर्विरोध मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं। हेमंत खंडेलवाल निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की जगह लेंगे।

संघ और सीएम की पसंद बताए जा रहे

हेमंत खंडेलवाल संघ और सीएम मोहन यादव की पसंद बताए जाते हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि, MP BJP प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक ही नामांकन आया था और उसे सही पाया गया। इस तरह हेमंत खंडेलवाल मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुन लिये गए हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि, हेमंत सहज और कुशल व्यक्तित्व के धनी हैं। वह संगठन के निष्ठावान नेता हैं। इसीलिए वह प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं और उन्हें अध्यक्ष पद पर काम करने का अवसर मिला है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि, मध्यप्रदेश बीजेपी के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हेमंत खंडेलवाल निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा की भाँति संगठन व सरकार के बीच समन्वय का सशक्त सेतु बनेंगे तथा उनकी नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता के जीवन में सुशासन, जनकल्याण और विकास की नई ऊँचाइयाँ स्थापित करेगा। धर्मेंद्र प्रधान ने पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से धर्मेंद्र प्रधान ने हेमंत खंडेलवाल को शुभकामनाएं दीं।

हेमंत खंडेलवाल ने जताया आभार

मध्य प्रदेश बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनने पर हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी आलाकमान का आभार जताया है। खंडेलवाल ने कहा, मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को भारतीय जनता पार्टी, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान करने के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और देवतुल्य कार्यकर्ताओं का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं।

शिवराज चौहान ने दी बधाई

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत खंडेलवाल को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, मुझे पूर्ण विश्वास है कि हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मध्य प्रदेश भाजपा को पूरे देश में नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। शिवराज चौहान ने कहा कि, हेमंत खंडेलवाल अहंकार शून्य हैं लेकिन ज़िम्मेदारी आने पर कदम-कदम पर धैर्य की परीक्षा होती है और कई कठिनाइयाँ आती हैं। हेमंत खंडेलवाल को धैर्य नहीं खोना है और टीम के साथ रास्ता निकालने का प्रयत्न करना है।

 

महेंद्र भट्ट बने उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष; लगातार दूसरी बार पार्टी की कमान, निर्विरोध चुने गए, घोषणा होते ही CM धामी ने मुंह मीठा कराया