हिमाचल में दर्दनाक हादसा: सिरमौर में खाई में गिरी बस, 8 की मौत, कई यात्री घायल

Tragic accident in Himachal: Bus falls into ditch in Sirmaur, 8 dead

Tragic accident in Himachal: Bus falls into ditch in Sirmaur, 8 dead

Tragic accident in Himachal: Bus falls into ditch in Sirmaur, 8 dead- सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शिमला से कुपवी जा रही एक निजी बस हरिपुरधार के पास करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की पुष्टि सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने की है।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना दोपहर करीब पौने तीन बजे हरिपुरधार बाजार से लगभग 100 मीटर पहले हुई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। बस शिमला से सुबह करीब 7:30 बजे रवाना हुई थी और सोलन व सिरमौर होते हुए कुपवी जा रही थी। कुपवी से लगभग 28 किलोमीटर पहले बस अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से निजी वाहनों द्वारा हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

बताया जा रहा है कि कुपवी क्षेत्र में संक्रांति से पहले मनाए जाने वाले ‘पोश’ त्योहार के चलते शिमला और सोलन में रहने वाले लोग अपने गांव लौट रहे थे, इसी कारण बस में यात्रियों की संख्या अधिक थी। यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर गया है।