जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का वृहद पौधारोपण अभियान, एक दिन में लगाए गए 1200 पौधे
District Legal Services Authority's Massive Plantation Drive
- 05 अगस्त तक होगा नियमित पौधारोपण
फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा चेयरमैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद संदीप गर्ग के मार्गदर्शन एवं सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र सिंह के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत आज लगभग 1200 पौधे विभिन्न सरकारी विद्यालयों एवं गांवों में लगाए गए। पौधारोपण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बिजोपुर; राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फतेहपुर टग्गा; राजकीय माध्यमिक विद्यालय, लढ़ीपुर; राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय, बिजोपुर; राजकीय प्राथमिक विद्यालय, फतेहपुर टग्गा; राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जक्कोपुर; राजकीय प्राथमिक विद्यालय, लढ़ीपुर तथा कबूलपुर बांगर, कैल गांव, करनेरा और खंडावली में किया गया।

इस दौरान पीपल, नीम, जामुन, अर्जुन, आंवला, पिलखन सहित अनेक छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामवासियों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लिया और पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद का यह वृहद पौधारोपण अभियान 05 अगस्त 2026 तक नियमित रूप से जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा आमजन को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है।