पानीपत में बड़ा हादसा टला: ब्रेक फेल होने पर चालक ने सूझबूझ से बचाईं 70 यात्रियों की जान
Major accident averted in Panipat
गुरुग्राम। Major accident averted in Panipat, गुरुग्राम बस डिपो से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई हरियाणा रोडवेज की एक बस के ब्रेक फेल होने से पानीपत में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। चालक की सूझबूझ और साहस के चलते सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई। चालक ने पेड़ से बस को टकराकर रोका। गनीमत यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी।
गुरुग्राम रोडवेज बस डिपो की बस शनिवार सुबह करीब छह बजे वाया केएमपी चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। पानीपत में बस का अचानक प्रेशर पाइप फट गया। इसके कारण बस के ब्रेक फेल हो गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक पवन कुमार ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया, लेकिन बस नहीं रुक पाई।
डेढ़ किलोमीटर तक बिना ब्रेक दौड़ती रही बस
ब्रेक फेल होने के बाद चालक पवन कुमार ने पानीपत फ्लाईओवर से आगे बस को फुटपाथ पर चढ़ाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन बस नहीं रुकी। इसी दौरान आगे पानीपत टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार दिखाई दी।

किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए चालक ने तत्काल यू-टर्न ले लिया, जिससे बस टोल पर खड़े वाहनों से टकराने से बच गई। लगभग डेढ़ किलाेमीटर तक बस बिना ब्रेक दौड़ती रही।
पेड़ से टकराकर रोकी गई बस
इसके बाद चालक ने बस को सर्विस लेन के पास पड़ी रोड़ी क्रेशर सामग्री पर चढ़ाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन बस की रफ्तार पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। अंत में उसने बस को सड़क किनारे एक पेड़ की ओर मोड़ा। पेड़ से टकराने के बाद बस रुक गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित रहे।

चालक को सम्मानित करने की मांग
घटना के बाद हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने चालक पवन कुमार की बहादुरी की सराहना की है। यूनियन के राज्य उपप्रधान संदीप दलाल ने प्रदेश सरकार, परिवहन मंत्री और विभाग के उच्च अधिकारियों से चालक को सम्मानित करने तथा वेतन वृद्धि देने की मांग की है। उनका कहना है कि चालक की तत्परता और समझदारी से 70 यात्रियों की जान बची और एक बड़ा हादसा टल गया।