दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, चार लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
Tragic accident on Delhi-Mumbai Expressway
Tragic accident on Delhi-Mumbai Expressway हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए मंडीखेड़ा स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव बघोला के पास एक्सप्रेसवे के चैनल/पिलर नंबर-64 पर दिल्ली की ओर जा रही एक अल्काजार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। वहीं हादसे में एक बच्चा और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से मंडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सदर फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई थी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।