भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मुक्ति के लिए सात जून को दिल्ली में हिंदू समाज भरे हुंकार - रूप सिंह नागर
Hindu Society Must Raise a Roar in Delhi
श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के आयोजन की धर्मसंसद में पहुंचेंगे देशभर के साधु संत और हिंदू समाज
फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: Hindu Society Must Raise a Roar in Delhi: श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास सात जून को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय धर्म संसद का आयोजन करेगा जिसमें देश भर से हजारों साधु संतों का जुटान होगा। इस अवसर पर हिंदू समाज अपने आराध्य भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए हुंकार भरेगा।
यह बात न्यास के अंतर्राष्ट्रीय संरक्षक एवं धर्म संसद के प्रभारी रूप सिंह नागर ने कही। उन्होंने अनैतिक रूप से भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि पर कब्जा करके बैठे लोगों से देशहित में कब्जा छोड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि करोड़ों हिंदुओं के आराध्य एवं भारत की आत्मा के रूप में छवि छोड़ने वाले भगवान श्री कृष्ण की जन्मभूमि के साथ हमारे भाव जुड़े हुए हैं जिसकी अनदेखी अब सहन नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम जन्मभूमि की मुक्ति के बाद अब हम भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए बड़ा आंदोलन छेड़ने जा रहे हैं जिसका आगाज 7 जून को तालकटोरा स्टेडियम पर होने वाली धर्म संसद में होगा।
उन्होंने कहा कि हम कब्जे पर बैठे लोगों को दोगुनी जमीन तक देने के लिए तैयार हैं क्योंकि हम समस्या का शांतिपूर्ण हल चाहते हैं। रूप सिंह नागर ने कहा कि अदालत से तो हम जीतेंगे, इसमें हमें कोई संदेह नहीं है लेकिन इसमें लगने वाली देर के कारण अब हमें भारतीय जनमानस को जगाने का काम शुरू करना है। उन्होंने हिन्दुओं को एकजुट होकर अपने आराध्य की जन्मभूमि की मुक्ति के लिए धर्मसंसद को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्षों से न्यास के जरिए अदालती लड़ाई लड़ रहे दिनेश फलाहारी स्वामी के साथ हमने देश के सभी प्रमुख साधु संतों से कार्यक्रम में शामिल होने की प्रार्थना की है और उन्होंने हमारे इस आंदोलन को समय की जरूरत बताया है। हमें उम्मीद है कि
इस धर्मसंसद में बड़ी संख्या में हिंदू समाज का जुटान होगा और भगवान की कृपा से सत्य विजयी होगा।