फरीदाबाद में जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर क्रेन हादसा, कई मजदूर घायल
Crane Accident at Jewar Airport Flyover Construction Site in Faridabad
फरीदाबाद। Crane Accident at Jewar Airport Flyover Construction Site in Faridabadपनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एयरपोर्ट से जुड़े फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। गार्डर उठाने में लगी एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे निर्माण स्थल पर काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम हुई तेज बारिश के कारण निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन हो गई थी। बारिश थमने के बाद मजदूर दोबारा काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान फ्लाईओवर के लिए गार्डर उठाने का काम चल रहा था कि अचानक भारी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह भरभराकर जमीन पर पलट गई। उस समय मौके पर करीब छह से सात मजदूर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इनमें से तीन से चार मजदूर क्रेन के नीचे दब गए।
-1780580272840.jpeg)
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, निर्माण कंपनी के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। क्रेन के नीचे फंसे मजदूरों को निकालने के लिए मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद ली गई। बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है।
बारिश के कारण बिगड़ा क्रेन का संतुलन
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के कारण जमीन नरम और दलदली हो गई थी, जिससे क्रेन का संतुलन बिगड़ सकता है। वहीं कुछ मजदूरों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि देर शाम तक प्रशासन या पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बचाव अभियान पूरा होने और सभी मजदूरों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही नुकसान का सही आंकड़ा सामने आ सकेगा। फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।