पुंछ में शहीद हुए पलवल के शहीद दिनेश कुमार शर्मा की राजकीय सम्मान के साथ हुई अंतिम विदाई

Martyr Dinesh Kumar Sharma of Palwal

Martyr Dinesh Kumar Sharma of Palwal

-भारत माता की जय, वंदे मातरम और दिनेश कुमार शर्मा अमर रहे के नारों से गूंजा गांव मोहम्मदपुर
-केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, मंत्री विपुल गोयल, मंत्री राजेश नागर, मंत्री गौरव गौतम ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
-जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने शहीद को श्रद्घांजलि अर्पित करते हुए किया नमन
-बेटे की शहादत पर है गर्व : मां मीरा देवी
-देश के काम आया बेटा : पिता दयाचंद।

पलवल। दयाराम वशिष्ठ: Martyr Dinesh Kumar Sharma of Palwal: पाकिस्तानी सेना के हमले में शहीद हुए लास नायक दिनेश कुमार शर्मा का गुरुवार को उनके जिला पलवल के  पैतृक गांव नगला मोहम्मदपुर  में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र दिनेश कुमार शर्मा अमर रहे और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। रास्ते में लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर फूल बरसाए। शहीद दिनेश कुमार शर्मा के माता-पिता, भाईयों, पत्नी सहित बेटा-बेटी ने नम आंखों से भारत माता के वीर सपूत को विदाई दी। शहीद  दिनेश कुमार शर्मा के अंतिम संस्कार में परिजनों सहित केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम, होडल के विधायक हरिन्द्र सिंह, पूर्व विधायक दीपक मंगला, पूर्व विधायक जगदीश नायर, पूर्व विधायक प्रवीन डागर, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक श्री वरुण सिंगला, एसडीएम ज्योति, भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉप्र्स सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए और शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नम आखों से अंतिम विदाई दी। 

Martyr Dinesh Kumar Sharma of Palwal

सेना और हरियाणा पुलिस के जवानों ने शस्त्र झुकाकर शहीद दिनेश कुमार शर्मा को आखिरी सलामी दी। शहीद दिनेश कुमार शर्मा के पार्थिव शरीर को उनके पिता दयाचंद ने मुखाग्नि दी। शहीद के पिता ने कहा कि उन्हें गर्व है कि बेटा देश के काम आया। शहीद की मां मीरा देवी ने रोते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा लगाते हुए कहा कि मुझे मेरे बेटे की शहादत पर गर्व है। भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स के जवान गुरुवार को जैसे ही लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा के पार्थिव शरीर को गांव नगला मोहम्मदपुर में लेकर पहुंचे तो हर कोई अपने लाडले सपूत के अंतिम दर्शनों के लिए उमड़ पड़ा। शहीद दिनेश कुमार शर्मा के पार्थिव शरीर को काफिले के साथ गांव में लाया गया। माहौल गमगीन हो गया और हर किसी की आंखें नम हो गई। जब तक सूरज चांद रहेगा दिनेश शर्मा तेरा नाम रहेगा, दिनेश शर्मा अमर रहे, भारत माता, वंदे मातरम, की जय जैसे गगनभेदी नारों के बीच शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने साहसी व होनहार बेटे को अश्रुपूर्ण विदाई दी। उल्लेखनीय है कि शहीद श्री दिनेश कुमार शर्मा पुंछ सीमा पर लांस नायक के पद पर तैनात थे। 

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शहीद दिनेश कुमार शर्मा के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित करते हुए भावपूर्ण श्रद्घांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के जिला पलवल की धरती के वीर सपूत शहीद दिनेश कुमार शर्मा ने सीमा पर पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का डटकर मुकाबला करते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया, जिस पर हम सभी को गर्व है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में जगह दे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ां शहीद दिनेश कुमार शर्मा के बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को कभी नहीं भूलेंगी।

Martyr Dinesh Kumar Sharma of Palwal

हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने पलवल जिला के वीर सपूत शहीद दिनेश कुमार शर्मा के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित करते हुए भावपूर्ण श्रद्घांजलि अर्पित की और कहा कि ईश्वर शहीद के परिजनों को शक्ति, ऊर्जा व धैर्य प्रदान करे और दुख को सहन करने की शक्ति दे। उन्होंने शहीद के शौर्य एवं पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि शहीद दिनेश कुमार शर्मा के बलिदान का संपूर्ण राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। भारत माता की रक्षा करते हुए शहीद हुए श्री दिनेश कुमार कुमार के बलिदान को पूरा देश और प्रदेश हमेशा याद रखेगा। खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने शहीद दिनेश कुमार शर्मा के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित करते हुए श्रद्घांजलि अर्पित की। उन्होंने देश के लिए अपनों की परवाह किए बिना अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीद दिनेश कुमार शर्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद दिनेश कुमार शर्मा ने यह सिद्ध किया कि राष्ट्रप्रेम से बड़ा कोई कत्र्तव्य नहीं होता। उनका यह बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को ‘राष्ट्र हित सर्वोपरि’ की प्रेरणा देता रहेगा।

हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल जिला के वीर शहीद दिनेश कुमार शर्मा के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्घांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत माता के पराक्रमी वीर सपूत के त्याग, बलिदान और संघर्ष की कहानी देशवासियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू के पुंछ में पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का डटकर सामना करते हुए मां भारती के वीर सपूत हरियाणा के पलवल के वीर जवान शहीद दिनेश कुमार शर्मा ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है। इनकी शहादत पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। यह देश शहीद श्री दिनेश कुमार शर्मा के त्याग एवं बलिदान को कभी नहीं भुला पाएगा। 
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हुए भारतीय सेना के जवान लांस नायक दिनेश कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज पूरा देश शहीद दिनेश कुमार शर्मा को श्रद्धांजलि दे रहा है, जो पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में देश की रक्षा करते हुए वीरतापूर्वक शहीद हो गए। देश को उनकी शहादत्त पर गर्व है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने और दुख से उबारने की प्रार्थना की।

शहीद दिनेश कुमार शर्मा का जन्म 30 जनवरी 1993 को जिला पलवल के गांव नगला मोहम्मदपुर में पिता दयाचंद और माता मीरा के घर हुआ था। स्वर्गीय श्री दिनेश कुमार शर्मा ने 15 सितंबर 2014 को आर्मी की 5 एफडी रेजीमेंट में ड्यूटी ज्वाइन की थी। उनका विवाह सीमा के साथ हुआ था। शहीद दिनेश कुमार शर्मा अपने पीछे एक पुत्र दर्शन कुमार और एक पुत्री काव्या को छोड़ गए हैं। स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा के चार छोटे भाई नामत: विष्णु कुमार, कपिल, पुष्पेंद्र, हरदत्त तथा एक बहन ममता देवी भी हैं।