राम रहीम 15वीं बार जेल से आया बाहर; बुलेटप्रूफ SUV गाड़ी में इस डेरे के लिए हुआ रवाना, हनीप्रीत की भी मौजूदगी रही, पढ़ें खबर
Gurmeet Ram Rahim Out From Jail On Gets 40 Days Parole
Ram Rahim Out From Jail: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख (Dera Sacha Sauda Chief) गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) फिर एक बार जेल से बाहर आ गया है। यह 15वीं बार है जब राम रहीम को जेल से बाहर निकाला गया है। रहीम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई है। सोमवार सुबह 11:45 मिनट के आसपास राम रहीम रोहतक सुनारिया जेल से बाहर आया और पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच बुलेटप्रूफ SUV गाड़ी में अपने सिरसा डेरे के लिए रवाना हो गया। वह पैरोल के दिनों में इसी डेरे में रहने वाला है। वहीं जानकारी मिल रही है कि राम रहीम को रिसीव करने के लिए हनीप्रीत की भी मौजूदगी रही।
.jpg)
समर्थकों में भारी उत्साह
इधर राम रहीम के जेल से बाहर आने और सिरसा डेरे में रुकने (Ram Rahim Parole 2026) से समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, हालांकि राम रहीम ने अपने अनुयायियों से अपील की है कि वे डेरे (Sirsa Dera) पर भीड़ न लगाएं। हालांकि अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि पैरोल मंजूर करते हुए जेल प्रशासन ने राम रहीम के लिए क्या दिशा-निर्देश तय किए हैं। इससे पहले जब राम रहीम को जेल से छुट्टी दी गई है तो उस पर कुछ शर्तें तय की जाती रहीं हैं।
पिछली पैरोल पर भी डेरा सिरसा ही रहा था राम रहीम
गौरतअब है कि जब 5 अगस्त को 40 दिन की पैरोल पर राम रहीम सुनारिया जेल से बाहर आया था तो तब भी वह पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अपने सिरसा डेरे के लिए ही रवाना हुआ था। वह पैरोल के दिनों में इसी डेरे में रहा था। इसके साथ ही इसी डेरे में रामजब 9 अप्रैल 2025 को राम रहीम 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया था। तब भी वह (Gurmeet Ram Rahim) जेल से निकलने के बाद सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था।
वहीं जब दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जब जनवरी 2025 में राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी। तब इस दौरान भी वह सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था। जबकि इससे पहले वह जेल से बाहर आने पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा आश्रम के लिए जाता रहा है और यहीं जेल से आजादी के अपने दिन काटे हैं। फिलहाल अब यह चौथा मौका होगा जब जेल से बाहर आन के बाद राम रहीम सिरसा स्थित अपने डेरे में रुक रहा है।
राम रहीम के जेल से बाहर आने पर विरोध
पिछले 5 सालों में राम रहीम को कहीं फरलो तो कहीं पैरोल मिलती ही जा रही है। वहीं अब एक बार फिर से राम रहीम को जेल से बाहर निकालने पर विरोध देखा जा रहा है। लोग राम रहीम को जेल से बाहर करने पर हरियाणा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि, हरियाणा सरकार आखिर राम रहीम पर इतनी मेहरबान क्यों हो रही है कि बार-बार उसे जेल से बाहर आने की छूट दी जा रही है। ऐसा लगता है जैसे राम रहीम के लिए जेल मनोरंजन हो गई हो।
लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि, अगर राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर ही निकालना है तो फिर जेल में रखा ही क्यों है? राम रहीम को लेकर सरकार का यह रवैया संदेह पैदा करता है। लोग राम रहीम का जेल से बाहर आना चुनावी फायदे से भी जोड़ते हैं। वहीं दूसरी तरफ गुरमीत राम रहीम को जेल से बाहर निकालने के फैसले का शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की तरफ से भी विरोध किया जा चुका है। SGPC ने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर लाने का विरोध जताया था।
कब-कब जेल से बाहर आया राम रहीम?
डेरा चीफ राम रहीम 2017 से रोहतक सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम को सबसे पहले 24 अक्टूबर 2020 में एक दिन की पैरोल मिली और फिर 21 मई 2021 में 48 घंटे की पैरोल मिली। इसके बाद 7 फरवरी 2022 में राम रहीम को पहली बार 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर किया गया। इसके बाद 17 जून 2022 में 30 दिन की पैरोल, 14 अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल, 21 जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल, 30 जुलाई 2023 में 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया।
इसी प्रकार 21 नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो, 19 जनवरी 2024 में 50 दिन की पैरोल और अब 13 अगस्त 2024 में 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया। वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 2 अक्टूबर 2024 को राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 28 जनवरी 2025 को 30 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया, इसके बाद 5 अगस्त को 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया। वहीं अब 15वीं बार आज 5 जनवरी 2026 को जेल से बाहर आया है।
दो मामलों में जेल की सजा काट रहा राम रहीम
राम रहीम चर्चित पत्रकार हत्याकांड और साध्वियों से रेप मामले में दोषी है और रोहतक सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। सबसे पहले 2017 में राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) को साध्वियों से यौन शोषण मामले में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। वहीं एक और मामले में भी राम रहीम को सजा हुई थी लेकिन इस मामले में राम रहीम को बरी कर दिया गया है। यह मामला था रणजीत सिंह हत्याकांड का। तीनों ही मामलोँ में पंचकूला सीबीआई की विशेष अदालत ने सजा का फैसला सुनाया था।
2024 में रणजीत सिंह मर्डर केस में राम रहीम बरी
28 मई 2024 को गुरमीत राम रहीम को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने बड़ी राहत दी थी। हाईकोर्ट ने चर्चित रणजीत सिंह मर्डर केस में सीबीआई कोर्ट का फैसला पलटते हुए दोषी राम रहीम को बरी कर दिया था। राम रहीम के साथ-साथ इस केस में दोषी 4 और लोगों को भी बरी कर दिया गया था। राम रहीम ने उम्रकैद की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की थी। ज्ञात रहे कि रणजीत सिंह मर्डर केस में पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट ने 8 अक्टूबर 2021 को राम रहीम सहित 5 लोगों को आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी करार दिया था। इसके बाद 12 अक्टूबर 2021 को सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।