Gopal Kanda ED Raid| हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा पर ED की रेड, हाल ही में एयर होस्टेस सुसाइड केस में बरी हुए थे

हरियाणा के पूर्व मंत्री पर ED की रेड, सुरक्षा कड़ी; गोपाल कांडा की फिर बढ़ेंगी मुश्किलें! हाल ही में एयर होस्टेस सुसाइड केस में बरी हुए थे

 Gopal Kanda ED Raid Haryana News Latest

Gopal Kanda ED Raid Haryana News Latest

Gopal Kanda ED Raid: चर्चित राजनीतिक नेता और नामी बिजनेसमैन गोपाल कांडा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कांडा के घर सहित अन्य ठिकानों पर ED ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि, ईडी की टीम बुधवार यानि आज सुबह छह बजे के आसपास ही कांडा के ठिकानों पर छापेमारी के लिए पहुंच गई थी। ईडी ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ कांडा के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। ईडी ने छापेमारी के दौरान किसी के भी अंदर-बाहर जाने पर रोक लगा दी. सबके मोबाइल बंद करके रखा लिए गए। ईडी ने कांडा के ठिकानों पर तमाम दस्तावेज़ और रिकॉर्ड खंगाले हैं।

एयर होस्टेस सुसाइड केस में बरी हुए थे कांडा

ध्यान रहे कि, पिछले दिनों ही गोपाल कांडा को एक बड़ी राहत मिली थी। कांडा को एयर होस्टेस गीतिका शर्मा सुसाइड केस में बरी कर दिया गया था। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने यह बड़ा फैसला सुनाया था। गोपाल कांडा इस केस में मुख्य आरोपी थे। मगर कोर्ट को गोपाल कांडा के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला। जिसके बाद अब कांडा को बरी कर दिया गया। वहीं बरी होने के बाद गोपाल कांडा ने मीडिया के सवालों पर कहा था कि, मेरे खिलाफ कोई सबूत नहीं था। ये केस मेरे खिलाफ बनाया गया था और किस सोच से बनाया गया था पता नहीं लेकिन कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है।

2012 का है गीतिका शर्मा सुसाइड केस

एयर होस्टेस गीतिका शर्मा सुसाइड केस साल 2012 का है। गीतिका शर्मा को 5 अगस्त 2012 को उत्तर पश्चिम दिल्ली में अपने अशोक विहार आवास पर मृत पाया गया था। गीतिका शर्मा गोपाल कांडा की एमडीएलआर एयरलाइंस में कार्यरत थीं।

गीतिका शर्मा का सुसाइड केस काफी बहुचर्चित रहा क्योंकि गीतिका ने सुसाइड करने से पहले एक नोट लिखा था, जिसमें गोपाल कांडा पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। जहां सुसाइड नोट के आधार पर ही दिल्ली पुलिस ने गोपाल कांडा के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था और आगे की कार्रवाई शुरू की थी।

सिरसा से विधायक, पूर्व में मंत्री रह चुके

आपको बतादें कि, गोपाल कांडा वर्तमान में सिरसा से विधायक हैं। इसके अलावा वह हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री रह चुके हैं।