दोस्तों के बीच पिस्टल का रौब दिखाना पड़ा महंगा, अचानक चली गोली से युवक गंभीर घायल, आरोपी गिरफ्तार
Flaunting a pistol among friends proves costly
देहरादून। Flaunting a pistol among friends proves costly, दोस्तों के बीच पिस्टल का रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। ओम सिटी स्थित फ्लैट में अवैध पिस्टल का प्रदर्शन करते समय अचानक चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मामले को छिपाने के लिए घायल युवक को झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस की जांच में पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, बीते शनिवार देर रात करीब ढाई बजे ओम सिटी स्थित किराये के मकान में हंसराज सैनी अपने दो साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी और शुभम अग्रवाल के साथ था।
इस दौरान हंसराज ने अपने पास मौजूद अवैध एक पिस्टल दोनों साथियों को दिखाई। आरोप है कि पिस्टल को चेक करने के दौरान गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी से अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई, जो हंसराज की नाक के पास जाकर लगी।
गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपित ने हंसराज को डराया कि यदि अवैध पिस्टल की जानकारी पुलिस को मिली तो उसे भी गिरफ्तार कर लेगी। इसके बाद दोनों ने मिलकर छत पर किसी अज्ञात व्यक्ति के गोली चलाने की झूठी कहानी गढ़ी।
कथित तौर पर छत पर खून की कुछ बूंदें गिराई गईं और कमरे में फैला खून भी साफ कर दिया गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
इसके बाद आरोपित घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले गया और रास्ते में घटना में प्रयुक्त पिस्टल को ओम सिटी के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपित गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को ओम सिटी के बाहर से गिरफ्तार कर लिया और सख्ती से पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर पिस्टल भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी निवासी गुरु रोड पटेलनगर के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और बलवे का मुकदमा दर्ज है।
65 हजार में खरीदी थी पिस्टल
पूछताछ में सामने आया कि हंसराज ने अपने दोस्तों को फोन कर बताया था कि उसने 65 हजार रुपये में नई पिस्टल खरीदी है।
उन्हें पिस्टल दिखाने के लिए फ्लैट पर बुलाया था। देर रात तीनों पिस्टल देख रहे थे, तभी उसे चेक करने के दौरान गोली चल गई।