Sonam Wangchuk के लिए Prakash Raj ने कह दी बड़ी बात
Prakash Raj on Sonam Wangchuk Hunger Strike
हैदराबाद: Prakash Raj on Sonam Wangchuk Hunger Strike: एक्टर प्रकाश राज उन सेलिब्रिटीज में से पहले ऐसे एक्टर हैं जिन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन का समर्थन किया था. जब सीजेपी ने नीट (NEET) परीक्षा लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू की और एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की एंट्री हुई, तब से प्रकाश राज ने साफ कर दिया है कि वे इस मुद्दे पर उनके साथ हैं. अब उन्होंने सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म करने पर उनके त्याग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया.
गुरुवार, 23 जुलाई की रात को सोनम ने 26 दिनों के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी. इसके बाद उन्होंने अपने एक्स हैंडल अकाउंट पर लिखा, 'अभी-अभी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने आखिरकार 26 दिनों बाद अपना उपवास तोड़ा.'
उन्होंने आगे लिखा, 'इससे पहले, अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने मुझसे मिलकर या पत्र लिखकर उपवास तोड़ने का आग्रह किया था. यह फैसला कई शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को ध्यान में रखते हुए लिया गया. मैं जल्द ही एक अलग वीडियो में इन शर्तों के बारे में विस्तार से बताऊंगा. साथ ही, मैं आप सभी से अपील करता हूं कि आप बहुत सतर्क रहें और कहीं भी किसी भी तरह की हिंसा न होने दें.'
प्रकाश राज ने वांगचुक के इस ट्वीट को रिट्वीट किया है और उनका आभार जताया है. हाथ जोड़ने वाले इमोजी के साथ एक्टर ने लिखा, 'वांगचुक सर, आपके त्याग और देश की अंतरात्मा बनने के लिए आपका धन्यवाद.'
इस महीने की शुरुआत में, प्रकाश राज ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर वांगचुक और सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुए थे. एक्टिविस्ट के साथ तस्वीरें पोस्ट करते हुए एक्टर ने लिखा, 'जंतर-मंतर पर अपने देश के युवाओं के साथ एकजुटता दिखाते हुए. सोनम वांगचुक.' इन तस्वीरों में एक्टर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते, उनसे बातचीत करते और वांगचुक के साथ तस्वीर खिंचवाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
प्रकाश के साथ, शबाना आजमी और पूनम पांडे, इमरान खान भी सोमवार को विरोध मार्च में शामिल हुए. सलमान खान, करीना कपूर, सारा अली खान, दीया मिर्जा, विशाल ददलानी, सोनाक्षी सिन्हा, चिन्मयी श्रीपदा और अन्य जैसी मशहूर हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए सोनम वांगचुक के प्रति अपना समर्थन जताया है.