कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा: बच्चों के लिए जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़े CRPF सब-इंस्पेक्टर की गिरकर मौत
- By Gaurav --
- Monday, 29 Jun, 2026
CRPF Sub-Inspector Dies After Falling
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के बीड़ अमीन गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौहान (38) की मौत हो गई। वह छुट्टी पूरी कर मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित अपनी यूनिट में ड्यूटी जॉइन करने के लिए रवाना होने वाले थे। इसी दौरान बच्चों की जिद पूरी करने के लिए जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़े, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गहरे नाले में गिर पड़े।
गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र चौहान को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बच्चों की छोटी-सी जिद बनी हादसे की वजह
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह घर से निकलने से पहले सुरेंद्र के बच्चों ने उनसे जामुन तोड़कर लाने की जिद की। उन्होंने अपने साथियों के लिए भी जामुन ले जाने की बात कही और गांव के पास स्थित जामुन के पेड़ पर चढ़ गए।
इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे गहरे नाले में जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
ड्यूटी पर लौटने से कुछ मिनट पहले हुआ हादसा
सुरेंद्र चौहान करीब 10 दिन पहले छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव बीड़ अमीन आए थे। सोमवार को उन्हें पंचकूला के रास्ते अपनी यूनिट के लिए रवाना होना था। परिवार भी उन्हें विदा करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन घर से निकलने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए
सुरेंद्र चौहान अपने पीछे पत्नी मनु, 8 वर्षीय बेटी निष्ठा और 5 वर्षीय बेटे वरदान को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी एक बैंक में कार्यरत हैं। सुरेंद्र दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में ग्रामीण व रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। घटना की सूचना सीआरपीएफ की संबंधित यूनिट को भी दे दी गई है। परिजनों के अनुसार, यूनिट के अधिकारी और जवान गांव पहुंचने के बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।