गर्मी और उमस ने किया बेहाल, अब एक जुलाई से बदलेगा मौसम; बारिश और तेज हवाओं के आसार
Heat and humidity cause distress
चंडीगढ़, 30 जून: Heat and humidity cause distress, जून के आखिरी सोमवार को शहर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। सुबह से तेज धूप निकली रही और दिन चढ़ने के साथ उमस बढ़ने से लोगों का हाल बेहाल रहा। मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार एक जुलाई से मौसम का मिजाज बदल सकता है और बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। दिनभर बारिश नहीं हुई। अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 71 प्रतिशत और न्यूनतम 41 प्रतिशत रही। तापमान और नमी दोनों अधिक होने से लोगों को गर्मी के साथ उमस भी परेशान करती रही।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक चंडीगढ़ में केवल 40.1 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य से यह 73.2 प्रतिशत कम है। लगातार बारिश की कमी के कारण गर्मी का असर बना हुआ है और लोगों को मानसून की पहली अच्छी बारिश का इंतजार है।
मौसम केंद्र के अनुसार 30 जून तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन तेज बारिश की संभावना कम है। हालांकि 1 जुलाई से मौसम बदलने के संकेत हैं। इस दौरान गरज-चमक, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
विभाग ने बताया कि 2 से 4 जुलाई के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई जगह अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है। अगले कुछ दिनों में चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं, जबकि हरियाणा के कुछ इलाकों तथा पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर लू का असर भी दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिन लोगों को गर्मी और उमस से अभी राहत मिलने की संभावना कम है। वहीं जुलाई की शुरुआत के साथ बारिश का दौर शुरू होने पर गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।