अब चंडीगढ़ में IndiGo के यात्री विमान में तकनीकी खराबी; टेकऑफ़ रोका गया, सभी यात्री उतारे गए
Technical Fault in IndiGo Passenger Plane
Technical Fault in IndiGo Passenger Plane: शिवा तिवारी: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद अब आएदिन यात्री विमान तकनीकी खराबी का सामना करते देखे जा रहे हैं। अब चंडीगढ़ में एक और यात्री विमान में तकनीकी खराबी की खबर सामने आई है। जिसके बाद विमान को टेकऑफ़ से रोक दिया गया है और जांच की जा रही है।
विमान से उतारे गए यात्री
बताया जा रहा है IndiGo के इस विमान को रविवार सुबह चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए उड़ान भरनी थी। यात्रियों की भी बोर्डिंग हो चुकी थी। यानी यात्री विमान में बैठ चुके थे। लेकिन इस बीच अचानक विमान में तकनीकी खराबी सामने आई। जिसके बाद विमान का टेकऑफ़ रोक दिया गया और सभी यात्रियों को उतार दिया गया।
यात्रियों को हुई परेशानी
फिलहाल विमान में तकनीकी खराबी आने और टेकऑफ़ रोके जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो रही है। कुछ यात्रियों को इमरजेंसी भी है। ऐसे में वह काफी परेशान है।
यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट लेने को कहा
चंडीगढ़ से लखनऊ जा रहे इस यात्री विमान को फिलहाल पूरी तरह से रोक दिया गया है। यानी यात्रियों की यह फ्लाइट कैंसिल हो गई है। इंडिगो की तरफ से उन्हें दूसरी वैकल्पिक फ्लाइट लेने या रिफंड लेने को कहा गया है। हालांकि यात्रियों में नाराजगी है, वे कह रहे हैं जो वैकल्पिक फ्लाइट दी जा रही है वह काफी समय बाद है। यात्रियों ने कहा कि एयरलाइंस को बोर्डिंग कराने से पहले खामी की जांच करनी चाहिए थी।
इंडिगो के विमान से मेडे कॉल
अभी एक दिन पहले ही गुवाहाटी से चेन्नई जा रहे IndiGo के यात्री विमान से मेडे कॉल यानी आपातकालीन कॉल की गई। अहमदाबाद हादसे के बाद यह दूसरी बार था जब किसी और विमान में पायलट ने मेडे कॉल दी। जिससे एयर स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए थे। विमान बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। विमान में फ्यूल की कमी से पायलट ने मेडे कॉल दी थी। विमान की बेंगलुरु में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
गाजियाबाद में जब जब विमान का टेकऑफ़ रोका
अभी पिछले रविवार ही चंडीगढ़ की तरह गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर भी Air India के एक यात्री विमान को टेकऑफ़ करने से रोक दिया गया था। विमान से यात्रियों को बाहर उतारा गया। विमान में तकनीकी खराबी आने की बात कही गई थी। इसी तरह इंडिया के तो कई विमानों में खराबी देखने को मिल रही है। कहीं विमान बीच रास्ते लौट रहे हैं तो कहीं उड़ान भरने से पहले ही उन्हें रोक दिया जा रहा है।
भयावह था अहमदाबाद विमान हादसा
12 जून को हुए अहमदाबाद विमान हादसे से पूरा देश स्तब्ध रह गया। यह भयावह से भी भयावह हादसा था। जिसने भी हादसे का मंजर देखा वो दहल उठा। हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सिर्फ एक अकेला व्यक्ति किसी चमत्कार से जिंदा बच पाया। एयर इंडिया के इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे। वहीं, विमान जिस मेडिकल हॉस्टल इमारत से टकराया, उसमें मौजूद कई लोगों की जान चली गई। इस तरह से हादसे में विमान के 241 लोगों समेत कुल 270 लोगों की मौत हुई। यह विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ सेकेंड बाद ही क्रैश हो गया था। विमान लंदन जा रहा था। लेकिन अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाया।