डिप्टी सीएम ने 339 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

Deputy CM inaugurates development projects worth ₹339 crore

Deputy CM inaugurates development projects worth ₹339 crore

प्रयागराज : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य रविवार को प्रयागराज पहुंचे. तहसील सोरांव के ग्राम-पुरूषोत्तमपुर उर्फ गारापुर में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों को रफ्तार देते हुए ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण और कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. अमृत सरोवर परिसर में स्थापित महात्मा बुद्ध, भगवान परशुराम, महाराणा प्रताप, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं तथा अशोक की लाट का विधिवत अनावरण किया.

विकसित भारत जी राम जी योजना (VB-G RAM G) के तहत बटन दबाकर 3,25,97,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. 5.64 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सृजित विकास खंड सहसों कार्यालय के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का फीता काटकर लोकार्पण किया. मंच से लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चाभियां और डेमो चेक वितरित किए. इसके साथ ही दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया और दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की.

डिप्टी सीएम ने अमृत सरोवर परिसर और नवनिर्मित विकास खंड कार्यालय में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है. हमारी सरकार का संकल्प गरीब को अमीर बनाना, किसान की आय बढ़ाना और महिलाओं व युवाओं को सशक्त बनाना है.

उपमुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को विकास का आधार बताया. उन्होंने कहा कि देश में आज 3 करोड़ महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं और सरकार का लक्ष्य इस संख्या को 6 करोड़ तक पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि जल्द ही 'महिला क्रेडिट कार्ड उद्यमी योजना' शुरू की जाएगी, जिसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को क्रेडिट कार्ड के जरिए 20,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समूह की दीदियों को 8.73 करोड़ और 2.24 करोड़ के डेमो चेक सौंपे.

उपमुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को पूरा करने के लिए डबल इंजन की सरकार पूरी निष्ठा से काम कर रही है. पक्के मकान, मुफ़्त राशन, आयुष्मान कार्ड और डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से बिचौलियों को खत्म कर सीधे लाभार्थियों तक 100% लाभ पहुंचाया जा रहा है.

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 'विकसित भारत जी राम जी योजना' से न केवल उत्तर प्रदेश के गांवों की तस्वीर बदलेगी, बल्कि वहां रहने वाले हर नागरिक की तकदीर भी संवरेगी.