Retired IAS Arun Kumar| रिटायर्ड IAS अरुण कुमार RERA गुरुग्राम के चेयरमैन बने, चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन से इस्तीफा!

रिटायर्ड IAS अरुण कुमार की हरियाणा में नई नियुक्ति; RERA गुरुग्राम के चेयरमैन बने, चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन से इस्तीफा!

Retired IAS Arun Kumar Appointed Chairman Of RERA Gurugram Haryana

Retired IAS Arun Kumar Appointed Chairman Of RERA Gurugram Haryana

Retired IAS Arun Kumar: हरियाणा कैडर 1989 बैच के रिटायर्ड IAS अरुण कुमार को अब नई जिम्मेदारी मिली है। हरियाणा सरकार ने अरुण कुमार को RERA (Real Estate Regulatory Authority) गुरुग्राम का चेयरमैन नियुक्त किया है। इस पद पर अरुण कुमार की नियुक्ति पांच साल या 65 साल की उम्र तक रहेगी।

मालूम रहे कि, इसी साल अक्टूबर महीने में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अरुण कुमार को चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन का मुख्य आयुक्त नियुक्त किया था। इस हिसाब से अभी अरुण कुमार की ज्वाइनिंग को कुल 3 महीने भी पूरे नहीं हो पाये और उन्हें ये नई नियुक्ति दे दी गई। फिलहाल, अरुण कुमार अब एक ही पद संभाल सकते हैं। बताया जा रहा है कि, अरुण कुमार ने चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त (Chief Commissioner) पद से इस्तीफा दे दिया है।

अरुण कुमार के जाने से मुख्य आयुक्त की कुर्सी फिर खाली?

ज्ञात रहे कि, अरुण कुमार से पहले रिटायर्ड आईएएस केके जिंदल चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त थे। वहीं केके जिंदल के बाद चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त का एडिशनल चार्ज प्रशासक के पूर्व सलाहकार धर्मपाल को दे दिया गया था। इस बीच धर्मपाल को अतिरिक्त प्रभार देने को लेकर विवाद भी उठा था कि बतौर सरकारी मुलाजिम रहते हुए उन्हें संवैधानिक पोस्ट का अतिरिक्त चार्ज कैसे दिया जा सकता है?

खैर चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त पद पर स्थायी नियक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। इस बीच धर्मपाल की दावेदारी भी रही लेकिन तब उनकी रिटायरमेंट न होने से उनकी दावेदारी खटाई में पड़ गई। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रिटायर्ड IAS अरुण कुमार को चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन का नया और स्थायी मुख्य आयुक्त नियुक्त करने का आदेश जारी कर दिया।

लेकिन अब जब मुख्य आयुक्त की कुर्सी फिर से खाली हो गई है तो ऐसे में माना जा रहा है कि चंडीगढ़ प्रशासक के पूर्व सलाहकार और दावेदार धर्मपाल को यह कुर्सी मिल सकती है। अब तो धर्मपाल की राह से रिटायरमेंट का कांटा भी निकल गया है। 31 अक्टूबर को धर्मपाल रिटायर हो चुके हैं और उनके पास सेक्रेट्री रैंक के बराबर का दर्जा भी है।

अरुण कुमार के बारे में

अरुण कुमार की गिनती कुशल अफसरों में होती रही है। उन्होने विभिन्न विभागों के कई महत्वपूर्ण और उच्च पदों पर काम किया है। अरुण कुमार चंडीगढ़ राइट टू सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त बनने से पहल चंडीगढ़ में डिप्टी कमिश्नर की पोस्ट पर भी रहे। इसके अलावा अरुण कुमार नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के प्रमुख रहे हैं। यहां उन्हें 2021 में कार्यकाल विस्तार भी मिला था। कुमार को जुलाई 2019 में डीजीसीए प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्होंने बीएस भुल्लर की सेवानिवृत्ति के साथ मई और जुलाई 2019 के बीच पहले इस पद का अतिरिक्त प्रभार संभाला था। अरुण कुमार डीजीसीए में अतिरिक्त सचिव भी रह चुके हैं।