IPS पराग जैन बनाए गए RAW के नए चीफ; पंजाब कैडर के सीनियर अफसर, खुफिया तंत्र और रणनीतिक गतिविधियों पर गहरी पकड़

Punjab Cadre Senior IPS Parag Jain Appointed As New RAW Chief
IPS Parag Jain New RAW Chief: भारतीय खुफिया एजेंसी 'रॉ' को नया बॉस मिल गया है। भारत सरकार ने IPS पराग जैन को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) का नया चीफ बनाया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली नियुक्ति समिति ने पराग जैन को RAW चीफ बनाए जाने की मंजूरी दी। जैन पंजाब कैडर 1989 बैच के सीनियर आईपीएस अफसर हैं। वह दो साल या अगले आदेश तक RAW के चीफ बने रहेंगे। अब भारत की खुफिया सुरक्षा का रणनीतिक नेतृत्व पराग जैन के हाथ में होगा।
IPS पराग जैन को इतनी बड़ी जिम्मेदारी क्यों?
IPS पराग जैन मौजूदा RAW चीफ रवि सिन्हा (आईपीएस-1988 बैच) की जगह लेंगे। जिन्हें जून 2023 में दो साल या अगले आदेश तक RAW चीफ नियुक्त किया गया था। भारत सरकार ने RAW चीफ के लिए IPS पराग जैन को ही क्यों चुना। इसके पीछे कई अहम कारण हैं। जानकारी के अनुसार, पराग जैन इससे पहले RAW में रणनीतिक रूप से अपनी अहम भूमिका निभा चुके हैं। जैन की खुफिया तंत्र, सीमा पार गतिविधियों, रणनीतिक गतिविधियों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर गहरी पकड़ मानी जाती है।
ऑपरेशन सिंदूर में पराग जैन की अहम भूमिका
बताया जाता है कि, हाल ही में 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर में आईपीएस पराग जैन ने अहम भूमिका निभाई। भारत का यह ऑपरेशन पाकिस्तान और उसके आतंकियो के खिलाफ 1971 के बाद का सबसे बड़ा ऑपरेशन था। जहां ऑपरेशन सिंदूर की टीम का एक हिस्सा पराग जैन भी बने और पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। मसलन IPS पराग जैन भारतीय खुफिया एजेंसी 'रॉ' के सुपर बॉस ऐसे वक्त में बने हैं जब भारत की सुरक्षा नीति और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है।
रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) क्या है?
रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) भारत सरकार की अतिसंवेदनशील संस्था है। देश में इस एजेंसी की गतिविधियां सबसे गोपनीय होती हैं। RAW पर विदेशी इंटेलिजेंस जुटाने का जिम्मा होता है। अगर किसी देश के घटनाक्रम का भारत पर असर हो सकता है, तो RAW उसपर नजर रखती है। राष्ट्रहितों के लिए खुफिया ऑपरेशंस को भी RAW अंजाम देती है। इंदिरा गांधी सरकार के समय RAW अस्तित्व में आई। रामेश्वर नाथ काव इसके इसके पहले प्रमुख थे। RAW सीधे प्रधानमंत्री को रिपोर्टिंग करती है।