सोलन में सीएम सुक्खू का दौरा: कसौली क्षेत्र को 20 करोड़ की सड़क, महिलाओं को पेंशन और कई विकास परियोजनाओं की सौगात

सोलन में सीएम सुक्खू का दौरा: कसौली क्षेत्र को 20 करोड़ की सड़क, महिलाओं को पेंशन और कई विकास परियोजनाओं की सौगात

CM Sukhu visit to Solan

CM Sukhu visit to Solan

CM Sukhu visit to Solan:  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को कसौली विधानसभा क्षेत्र की नेरी कलां पंचायत का दौरा किया। सीएम ने कहा कि कसौली में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सीएम ने कनाना में जनसभा को संबोधित करते हुए जोहड़जी-मल्ला सड़क के लिए 20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पांच ग्राम पंचायतों नेरीकलां, नारायणी, प्राथा, भोजनगर आदि पंचायतों की पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के तहत 1500 रुपये पेंशन देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में इस योजना की शुरुआत इन पंचायतों से की है। 

प्राथा विद्यालय होगा सीबीएसई संबंद्ध

इसके अलावा उन्होंने प्राथा विद्यालय को सीबीएसई से संबद्ध करने, क्षेत्र में जोगिंद्रा सहकारी बैंक की शाखा खोलने व चाटी ढांक में बांध निर्माण के लिए सर्वेक्षण करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के बाद उन्हें इस क्षेत्र में आने का अवसर मिला है। जिला परिषद सदस्य नेत्र अत्री के आग्रह पर वह क्षेत्र की समस्याओं को समझने और लोगों से संवाद करने के लिए यहां पहुंचे हैं। 

विधायक की सराहना की

उन्होंने विधायक विनोद सुल्तानपुरी की सराहना करते हुए उन्हें जुझारू और युवा नेता बताया और कहा कि वे क्षेत्र की समस्याओं हल करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता से भरपूर प्रेम करते हैं और एक योद्धा की तरह प्रदेश की जनता के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।

इन योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नेरी कलां पंचायत के कनाना गांव में 90.66 करोड़ रुपये लागत की 12 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए। उन्होंने 12.92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शालाघाट-अर्की- कुनिहार-बरोटीवाला मार्ग पर गम्बर खड्ड पर 45 मीटर स्पैन के डबल लेन आर्च पुल, 3.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बीडीओ कार्यालय भवन धर्मपुर व पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्राथा में 51 लाख रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने दत्यार के समीप 20.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले कौशल्या बांध, 16.24 करोड़ रुपये की लागत से किम्मूघाट से चक्की का मोड़ सड़क के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, 6.33 करोड़ रुपये की लागत से जंगेशू से औडा वाया भनेत सड़क, 7.03 करोड़ रुपये की लागत से ग्रोणी से सरी सड़क वाया बोहरों के उन्नयन, 3.77 करोड़ रुपये की लागत से सुबाथू से ग्राम चपला, ग्राम पंचायत शडयाना सड़क पर शहीद सुदेश मार्ग की मेटलिंग एवं तारकोल बिछाने, 3.48 करोड़ रुपये की लागत से रेहला से मठान वाया शार्ड संपर्क मार्ग, 8.06 करोड़ रुपये की लागत से देवठी-बाड़ा कून सड़क के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, पांच करोड़ रुपये की लागत से धर्मपुर-कसौली सड़क के उन्नयन व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3.08 करोड़ रुपये की लागत से नागली से चेवा सड़क के निर्माण व उन्नयन कार्यों के शिलान्यास किए।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक चौधरी राम कुमार, अर्की के विधायक संजय अवस्थी, नालागढ़ के विधायक बावा हरदीप सिंह, बिलासपुर के पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वरमाणी, कांग्रेस नेता शिव कुमार, सुरेंद्र सेठी, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष रौशन ठाकुर, जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, उपायुक्त मनमोहन शर्मा व अन्य उपस्थित रहे।