अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार के 12 सालों को विकास और सुशासन की मिसाल बताया
Anurag Thakur described the Modi government
Anurag Thakur described the Modi government: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को यहां 'मोदी सरकार के 12 साल : विकास के नाम' कार्यक्रम के दौरान पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और समावेशी विकास की एक सशक्त मिसाल बनकर सामने आया है। इस अवधि में देश ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है तथा आम नागरिकों का शासन व्यवस्था पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
अनुराग ने कहा कि बीते एक दशक से अधिक समय में केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन और जवाबदेह शासन की नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है। उन्होंने कहा कि सुशासन और विकास को प्राथमिकता दिए जाने का ही परिणाम है कि जनता का भरोसा सरकार पर लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, सौभाग्य योजना तथा जनधन योजना जैसी पहलों ने गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने करोड़ों नागरिकों को प्रेरित किया है।
हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि प्रदेश में 17 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कोलकाता और हिमाचल प्रदेश के बीच गुरुमुखी एक्सप्रेस रेल सेवा आरंभ होने से यात्रियों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, बड़सर के विधायक इन्द्र दत्त लखनपाल, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र सिंह राणा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री व डॉ. अनिल धीमान, जिला महामंत्री अजय रिन्टू एवं राजेश सहगल, जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल, जिला प्रवक्ता विनोद ठाकुर और भाजप कार्यालय सचिव होशियार सिंह भी उपस्थित रहे।