Sanjay Singh Remand Extends| आप सांसद संजय सिंह की रिमांड बढ़ी, पीएम मोदी पर बोला हमला, कहा- यातना का पैमाना देख रहा हूं

AAP सांसद संजय सिंह की रिमांड बढ़ी; मीडिया से बोले- पीएम मोदी मुझे यातना दें, मैं पैमाना चेक करना चाहता हूं... ED ने कोर्ट में क्या दी जानकारी?

AAP MP Sanjay Singh Remand Extends ED Rouse Avenue Court

AAP MP Sanjay Singh Remand Extends ED Rouse Avenue Court

AAP MP Sanjay Singh Remand Extends: दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले में गिरफ्तार आप सांसद संजय सिंह की रिमांड 3 दिन बढ़ा दी गई है। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह को तीन दिन और ईडी की रिमांड में भेज दिया है। इससे पहले ईडी को संजय सिंह की 5 दिन की रिमांड दी गई थी। जो कि आज खत्म हो रही थी। जिसके चलते ईडी ने संजय सिंह को कोर्ट में पेश किया। इस बीच संजय सिंह की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील मोहित माथुर ने रिमांड का कड़ा विरोध किया और कई दलीलें दीं।

ईडी ने कहा- सहयोग नहीं कर रहे संजय सिंह

ईडी ने संजय सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग की थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी ने कोर्ट में दलील दी कि संजय सिंह सहयोग नहीं कर रहे हैं। जिसके चलते सही से जांच और पूछताक्ष नहीं हो पाई है। इसलिए संजय सिंह की रिमांड आगे बढ़ाई जाए। ईडी ने यह भी कहा कि, संजय सिंह के करीबी सर्वेश मिश्रा का भी जांच में सहयोग नहीं मिल रहा है। वहीं ईडी ने कोर्ट में जानकारी दी कि, एकत्र की गई सामग्री से पता चलता है कि शराब लाइसेंस को मंजूरी देने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी।

संजय सिंह का पीएम मोदी पर हमला

कोर्ट परिसर में आए सांसद संजय सिंह से जब मीडिया ने पूछा कि ईडी ने क्या पूछताक्ष की तो इस पर संजय सिंह ने पीएम मोदी पर हमला बोल दिया। संजय सिंह ने कहा कि, पीएम मोदी मेरे साथ बच्चों का खेल खेल रहे हैं। लेकिन मैं PM मोदी की यातना का पैमाना चेक करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं पीएम मोदी मुझे यातना दें, जितनी दे सकते हैं। संजय सिंह ने कहा कि, जीतने बेईमान हैं, लाखों करोड़ लूटने वाले, वोसब मोदी के साथ हैं और जो ईमानदार हैं व उनके खिलाफ हैं उनपर कार्रवाई हो रही है.

 

आप ने कहा- संजय सिंह शेर है

आम आदमी पार्टी का कहना है कि, संजय सिंह शेर है वो डरेगा नहीं। लेकिन शेर संजय सिंह की दहाड़ से मोदी सरकार डरी हुई है। आप ने कहा कि, संजय सिंह ने मोदी सरकार के भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ सबसे बुलंद आवाज़ की थी इसीलिए गिरफ्तारी करवा दी। वहीं आप सुप्रीमो केजरीवाल ने कहा कि, पीएम मोदी सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। आज़ाद भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं पीएम मोदी। कल जब इनकी सरकार नहीं रहेगी और इनकी जांच होगी तो देखना कितने भ्रष्टाचार के मामले निकल आएंगे।

बीजेपी ने कहा- 2-3 करोड़ का लेनदेन है

संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह का कहना है कि ईडी की जांच के मुताबिक- संजय सिंह, दिनेश अरोड़ा और अमित अरोड़ा से मिलते रहते थे... संजय सिंह के घर पर ही मुलाक़ात होती थी, इसके बाद इन सभी शराब माफियाओं को लेकर संजय सिंह केजरीवाल के घर जाते थे। इनहोने संजय सिंह को 2 करोड़ से 3 करोड़ रुपये दिए... बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि, शराब घोटाले के इस मामले में आप नेता मनीष सिसौदिया भी शामिल हैं जो कि पहले ही जेल में हैं।

4 अक्टूबर को छापेमारी के बाद ED ने संजय सिंह को उठाया

ED की टीम 4 अक्टूबर को सुबह से ही संजय सिंह के घर पहुंच गई थी और छापेमारी की थी। इस दौरान संजय सिंह से पूछताक्ष की गई। इसके बाद शाम तक खबर आ गई कि ED ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। मालूम रहे कि, इसी मामले में पहले से ही आप नेता और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं। सीबीआई ने सिसोदिया को 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताक्ष के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को इस मामले में नौ मार्च को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है। सिसोदिया की जमानत पर 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई है।