विक्रमशिला सेतु पर भारी वाहन गुजरने के मामले में 9 पुलिसकर्मी निलंबित, बेली ब्रिज पर सुरक्षा कड़ी
9 police personnel suspended over heavy vehicles crossing Vikramshila Setu
भागलपुर। 9 police personnel suspended over heavy vehicles crossing Vikramshila Setu, बेली ब्रिज के सहारे ही सही विक्रमशिला सेतु भागलपुर की लाइफलाइन बना हुआ है। वाहनों की आवाजाही की रफ्तार भले सुस्त है, लेकिन हो रही है। इस बीच बेली ब्रिज से भारी वाहन के पार होने का वीडियो सामने आया।
प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषी नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया, लेकिन यह एक्शन पर्याप्त नहीं। इस पुल से गुजरने वाला हर शख्स जानता है कि इसकी महत्ता क्या है। इसपर आवागमन ठप होने पर जिंदगी नावों के हवाले गंगा की लहरों पर हिचकोले खाने लगती है।
पुल के दोनों ओर धर्म कांटा लगाने की मांग
ऐसे में शहर के बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों, संगठनों से लेकर आम जन तक इसकी सुरक्षा की आवाज बुलंद कर रहे। सबका मानना है कि सुनिश्चित हो कि इस सेतु पर भारी वाहनों का परिचालन किसी भी हाल में न हो। पुल के दोनों ओर धर्मकांटा की तत्काल व्यवस्था हो जिससे आकलन हो सके कि कोई भारी वाहन इससे नहीं गुजर रहा।
यह न सिर्फ वर्तमान के लिए बल्कि विक्रमशिला सेतु के फिर से पूरी तरह दुरुस्त हो जाने पर भी उसकी निगरानी के लिए आवश्यक है। इसके साथ ही अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं, जिन्हें कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जोड़ा जाए, ताकि चौबीसों घंटे पुल पर होने वाली प्रत्येक गतिविधि की निगरानी की जा सके।
क्या कहते हैं शहर के गणमान्य
भागलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव पुनीत चौधरी कहते हैं, विक्रमशिला सेतु बंद होते ही भागलपुर के कारोबार की रफ्तार थम जाती है। व्यापारियों का व्यापार और आमजन का जीवन दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए भारी वाहनों की पैमाइश कर ही उन्हें पुल पर प्रवेश की अनुमति दी जानी चाहिए। दोनों ओर धर्मकांटा लगाना समय की आवश्यकता है।
शहर के दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी अभय घोष सोनू का कहना है कि पुल सुरक्षित रहेगा, तभी भागलपुर और सीमांचल का विकास निर्बाध गति से चलता रहेगा। सेतु की सुरक्षा किसी एक जिले का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक हित का प्रश्न है।
शिक्षाविद् राजीव कांत मिश्रा कहते हैं, धर्मकांटा के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी आवश्यक है, ताकि वाहनों की जांच के दौरान जाम की स्थिति न बने। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी निगरानी से पूरे पुल की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जानी चाहिए।
पूर्व ट्रक एसोसिएशन अध्यक्ष पप्पू मिश्रा का कहना है कि वाहनों का परिचालन बाद की बात है, पहले पुल को सुरक्षित रखना जरूरी है। इसके लिए दोनों ओर स्थाई धर्मकांटा स्थापित होना चाहिए। सरकार और प्रशासन को इसके लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
जीरोमाइल हरिओम पेट्रोल पंप के मालिक सुमन कहते हैं कि सेतु बंद होने से शहर के पेट्रोल पंप बंद होने लगते हैं। अभी टैंकर को काफी अधिक दूरी तय करना पड़ता है, इससे खर्च बढ़ जाता है। सेतु सुरक्षित रहे इसकी व्यवस्था मुकम्मल हो।
फिलहाल विक्रमशिला सेतु पर मानक के अनुरूप वाहनों का आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ऊंचे बैरियर को नीचे कर दिया गया है, ताकि बड़े और ओवरलोड वाहन पुल पर प्रवेश न कर सकें। धर्मकांटा लगाने के लिए भूमि की कमी है और इससे जाम की समस्या भी बढ़ सकती है। इस पूरे विषय का अध्ययन कराया जाएगा कि क्या और कहां यह व्यवस्था संभव हो सकती है। जो भी बेहतर विकल्प होगा, उसे लागू किया जाएगा। - डॉ. नवल किशोर चौधरी , डीएम भागलपुर।