आधार के नए एप पर मिल रहीं ये 6 बड़ी सुविधाएं, 4 करोड़ लोगों ने किया डाउनलोड
New Aadhaar Card App
नई दिल्ली: New Aadhaar Card App: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा जारी किया गया नया आधार ऐप देश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस नए और अपग्रेड किए गए ऐप को अब तक 4 करोड़ (40 मिलियन) से अधिक लोग डाउनलोड कर चुके हैं. पुराने 'mAadhaar' ऐप की जगह लाया गया यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म सुरक्षा और सुविधा के मामले में बेहद एडवांस है.
इस नए ऐप के जरिए देश के नागरिकों को 6 बड़ी और खास सुविधाएं मिल रही हैं:
1. डिजिटल आधार कार्ड: अब नागरिकों को अपने साथ फिजिकल प्लास्टिक या पेपर आधार कार्ड रखने की जरूरत नहीं है. इस ऐप में मौजूद डिजिटल आधार हर जगह जैसे एयरपोर्ट, होटल और सरकारी दफ्तरों में पूरी तरह मान्य है.
2. वन-टैप बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक: साइबर धोखाधड़ी को रोकने के लिए यह ऐप सबसे बेहतरीन सुरक्षा देता है. यूज़र्स सिर्फ एक क्लिक में अपने फिंगरप्रिंट, आइरिस और चेहरे के डेटा को लॉक या अनलॉक कर सकते हैं. डेटा लॉक होने पर कोई भी आपके आधार का गलत इस्तेमाल नहीं कर सकता. आंकड़ों के मुताबिक, इस फीचर का उपयोग अब तक 1.91 करोड़ से अधिक बार किया जा चुका है.
3. फेस ऑथेंटिकेशन: यदि किसी कारणवश आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर ओटीपी (OTP) नहीं आ रहा है या बुजुर्गों के फिंगरप्रिंट मैच नहीं हो रहे हैं, तो ऐप में दिया गया 'फेस ऑथेंटिकेशन' फीचर चेहरे को स्कैन करके तुरंत पहचान सत्यापित कर देता है.
4. सुरक्षित QR कोड और सेलेक्टिव शेयरिंग: ऐप में एक ऑफलाइन क्यूआर कोड की सुविधा है. इसे स्कैन करके पहचान की पुष्टि की जा सकती है. इसके साथ ही यूज़र्स यह तय कर सकते हैं कि उन्हें सामने वाली एजेंसी के साथ अपनी कौन सी जानकारी साझा करनी है और क्या छुपाना है.
5. घर बैठे आसान प्रोफाइल अपडेट: इस ऐप के जरिए लोग घर बैठे ही अपना पता और मोबाइल नंबर अपडेट कर रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, अब तक करीब 49 लाख मोबाइल नंबर और 11.65 लाख पते इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से बदले जा चुके हैं. इसके अलावा, ऐप के जरिए ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा को भी 31 दिसंबर तक के लिए पूरी तरह निशुल्क कर दिया गया है.
6. मल्टीपल प्रोफाइल सपोर्ट: इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक ही स्मार्टफोन पर परिवार के अधिकतम 5 सदस्यों के आधार कार्ड को जोड़ा और प्रबंधित किया जा सकता है. यह बच्चों और बुजुर्गों के आधार को संभालने में बहुत मददगार साबित हो रहा है.इसके साथ ही, बैंक खाता खोलने या नया सिम कार्ड लेने के लिए पेपरलेस ई-केवाईसी (e-KYC) की प्रक्रिया भी इसके जरिए बेहद आसान हो गई है.