4 Ghaggar dams broken in Sirsa Rain yellow alert has been given again

बाढ़ का कहर; सिरसा में घग्गर के 4 बांध टूटे, करनाल में भी खतरा; बारिश का फिरसे दिया गया है येलो अलर्ट 

4 Ghaggar dams broken in Sirsa

4 Ghaggar dams broken in Sirsa Rain yellow alert has been given again

हरियाणा : अब तक भारी बारिश के कारण 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। रविवार को सिरसा में घग्गर नदी की चार जगहों से टूट गई। मीरपुर, खैरेकां, पनिहारी और बुर्जकर्मगढ़ के बीच और नेजाडला कलां के पास से छोटे बांध टूटे हैं। जिससके बाद घग्गर नदी का पानी रिंग बांध को तोड़कर मुख्य बांध के किनारे तक जा पहुंचा है। घग्गर का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को अपने खेतों और मकानों की चिंता सता रही है। इसलिए लोग घग्गर नदी को शांत रखने के लिए इसके किनारे आकर पूजा कर रहे हैं। वहीं करनाल के लालूपुरा में भी यमुना का बांध टूटने का खतरा पैदा हो गया है। यहां कटाव हो रहा है।

राज्य में अंबाला, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पंचकूला, झज्जर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, पलवल, सिरसा और यमुनानगर बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों के 403 गांवों में घग्गर और यमुना नदी का पानी घुस चुका है। इससे 133 कच्चे-पक्के मकान गिर गए हैं। 26 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है, दो लोग लापता हैं। इस दौरान 16 लोगों को सांप काट चुके हैं। इस त्रासदी के बाद एक बार फिर राज्य में मानसून एक्टिव होने की तैयारी कर रहा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि हरियाणा में आज सभी जिलों में हल्की से मध्यम, और कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार बन रहे हैं।

कुरुक्षेत्र में पशुपालक की डूबने से मौत
कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन शहर के गांव गुढ़ा में बाढ़ के पानी में डूबने से एक पशुपालक की मौत हो गई है। बीर सिंह अपने पशुओं को चारा डालकर घर लौट रहा था। रास्ते पर पानी ज्यादा और बहाव तेज होने की वजह से वह रास्ता भटक गया था। इस बीच वह अचानक बाढ़ के पानी में डूब गया।

जाखल मंडी में बाढ़
फतेहाबाद जिले में आई बाढ़ ने जाखल मंडी को भी चपेट में ले लिया है। देर रात जाखल मंडी में हैफेड के गोदामों में पानी घुस गया। इसके साथ 40 फुटा रोड पर भी पानी भरा गया। रंगोई नाले ने अब फतेहाबाद शहर और आसपास की ढाणियों में दहशत फैला दी है।

कल 7 जिलों में भारी बारिश
IMD ने 19 जुलाई तक मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है उसमें प्रदेश के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 17 जुलाई को उत्तर हरियाणा के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। 5 दिनों के लिए हरियाणा में येलो अलर्ट रखा गया है।