प्रयागराज में आंगनबाड़ी केंद्र की भूमि सीमांकन के दौरान हिंसा, राजस्व टीम पर पथराव; कई घायल
Violence during land demarcation for an Anganwad
प्रयागराज। Violence during land demarcation for an Anganwad, थुलमा गांव में सोमवार शाम आंगनबाड़ी केंद्र की भूमि के सीमांकन के दौरान जमकर बवाल हुआ। सीमांकन करने पहुंचे राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर अवैध कब्जाधारियों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई।
राजस्वकर्मियों ने एक दुकान में छिपकर जान बचाई। पथराव में दो लेखपाल समेत पांच लोग घायल हो गए। खबर पाकर मौके पर उतरांव, हंडिया, सरायममरेज थाने की पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। मामले में कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उतरांव थानांतर्गत थुलमा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र की भूमि का सीमांकन होना था। सोमवार शाम करीब छह बजे नाप-जोख को लेकर राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश शुक्ला, लेखपाल अजय तिवारी, अरविंद कुमार व शिवकुमार मौके पर पहुंचे।
ग्राम सभा की भूमि पर कब्जा किए हुए कुछ लोगों ने सीमांकन का विरोध करते हुए राजस्व टीम से विवाद करने लगे। जिस पर राजस्व निरीक्षक व लेखपाल ने कहा कि उन्हें सीमांकन का निर्देश मिला है। यह सुनते ही विरोध करने वालों ने पथराव कर दिया।
इससे अफरातफरी मच गई। ईंट-पत्थर लगने से लेखपाल अजय तिवारी व अरविंद कुमार घायल हो गए। अजय तिवारी के के सिर व अरविंद कुमार के हाथ में चोट आई। यह देखकर राजस्व कर्मी जान बचाने के लिए वहां से भागे। कुछ दूर पर एक दुकान में सभी छिप गए। पथराव करने वालों ने दुकान को घेर लिया।
शटर पीटते हुए अपशब्द कहने लगे। खबर प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। कुछ ही देर में उतरांव, हंडिया और सरायममरेज पुलिस के साथ एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय मौके पर पहुंचे।
फोर्स को देखते ही उपद्रवी वहां से भागने लगे। घायल दोनों लेखपालों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदाबाद ले जाने लगी तभी पता चला कि पथराव में गांव के रहने वाले राहुल और उसकी पत्नी सीमा व मां फूला भी जख्मी हुए हैं।
तीनों को भी अस्पताल भिजवाया गया। इसमें अजय तिवारी की हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पाकर प्रशासनिक अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में राजस्व कर्मी अस्पताल पहुंचे।
थाना प्रभारी उतरांव विनय सिंह का कहना है कि लेखपाल अजय तिवारी ने तहरीर दी है। इसमें दर्जनभर से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हमलावरों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।