अलीगढ़ की मीट फैक्ट्री में दो मजदूरों की मौत; गर्म पानी के टैंक में गिरने से हुआ हादसा

Hot Water Tank Aligarh Meat Factory

Hot Water Tank Aligarh Meat Factory

लोधा (अलीगढ़)। Hot Water Tank Aligarh Meat Factory: आगरा से बसपा के पूर्व विधायक जुल्फिकार अहमद भुट्टो की रोरावर क्षेत्र स्थित मीट फैक्ट्री में प्रबंधन की लापरवाही के चलते दो मजदूरों की जान चली गई। सफाई करने के लिए उतरे दोनों खून से भरे टैंक में गिर गए। घटना के समय वहां कोई नहीं था। शव निकाले गए, तब तक काफी देर हो चुकी थी। पशुओं का गंदा खून फेफड़ों व श्वांस नली में भर गया। यही मौत का कारण बना।

शव देख प्रबंधन के होश उड़ गए। आपरेटर, सुपरवाइजर समेत कई कर्मचारी भाग गए। सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठाते हुए आक्रोशित मृतकों के स्वजन ने शुक्रवार तड़के जिला अस्पताल में हंगामा कर दिया। उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। रात तक मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ है।

पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। जांच भी शुरू कर दी है। रोरावर क्षेत्र के तालसपुर पुलिया स्थित इस एचएमए मीट फैक्ट्री के टैंक में भुजपुरा क्षेत्र के 25 वर्षीय आसिफ और 28 वर्षीय इमरान कई महीनों से काम करते थे।

स्वजन के अनुसार गुरुवार की रात नौ बजे के बाद दोनों पैदल फैक्ट्री गए थे। यहां देर रात टैंक की सफाई करने के लिए करीब 12 से 14 फीट गहरे खून और गंदे पानी से भरे टैंक में उतरे थे। सुपरवाइजर को जब कहीं नजर नहीं आए तब तलाश की गई।

इस दौरान तड़के तीन बजे दोनों टैंक में गिरे नजर आए। इन्हें बाहर निकालने में पौन घंटे से अधिक समय लगा। इसके बाद फैक्ट्री के मालिक और अधिकारियों को जानकारी दी गई। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, मगर वहां डाक्टर ने उन्हें काफी देर पहले ही मृत हो जाने की पुष्टि की।

माना जा रहा है कि बचने के काफी संघर्ष के बाद दोनों की दम घुटने से टैंक में ही मृत्यु हो गई। जानकारी पर जिला अस्पताल पहुंचे स्वजन को पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वसन देकर शांत किया। सीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दोनों श्रमिकों का प्रवेश पौने 11 बजे और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने का समय तड़के चार बजे दिख रहा है।

हादसा कितने बजे हुआ, यह अभी पता नहीं चला है। फैक्ट्री के कई श्रमिक भागे हुए हैं। प्रथम दृष्टया हादसा ही प्रतीत हो रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं आयी है।