भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, ऊना के तीन लोगों की मौत, शादी से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
Horrific road accident on Bharatmala Expressway; three people from Una killed
मोहाली। भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के टोल प्लाजा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब आगे चल रहे कंटेनर के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रही क्रेटा कार उसके पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान ऊना जिले के देहलां गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुरेश ऐरी, मैहतपुर निवासी कारोबारी प्रत्युष जैन और उनकी पत्नी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार हादसा घड़ूंआ थाना क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा के पास हुआ। सूचना मिलते ही घड़ूंआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त कार में फंसे तीनों लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्युष जैन के चाचा अश्वनी जैन ने बताया कि प्रत्युष अपनी पत्नी और परिवार के मित्र सुरेश ऐरी के साथ जींद में अपनी बहन की शादी में शामिल होने गए थे। शादी समारोह रविवार को संपन्न हुआ था।
इसके बाद तीनों कार से ऊना लौट रहे थे। मंगलवार सुबह मोहाली के पास भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के निकट उनकी कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें तीनों की मौत हो गई।
अश्वनी जैन ने बताया कि प्रत्युष जैन की शादी करीब तीन माह पहले ही हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ऊना में शोक की लहर दौड़ गई।