हिमाचल वालों के लिए अछि खबर- सर्वर ठप होने पर अब क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन कर मिलेगा राशन

Good news for the people of Himachal

Good news for the people of Himachal

शिमला। Good news for the people of Himachal, हिमाचल में आधार प्रमाणीकरण सेवाओं में तकनीकी खराबी और सर्वर ठप होने के कारण परेशानी झेल रहे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने निर्णय लिया है कि उपभोक्ताओं को क्यूआर कोड स्कैन कर राशन मिलेगा।

आधार प्रमाणीकरण सेवाओं में तकनीकी खराबी आने से ई-पास मशीनों के जरिये तीन दिन से राशन वितरण प्रभावित हो रहा है। विभाग ने ई-पास मशीनों में उपलब्ध क्यूआर कोड आधारित वितरण व्यवस्था लागू कर दी है।

आधार प्रमाणीकरण सेवाओं में तकनीकी व्यवधान का मामला संबंधित विभाग के समक्ष उठाया गया है तथा सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

सभी उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि लाभार्थियों को बिना बाधा के राशन उपलब्ध करवाया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल अंतरिम व्यवस्था है और आधार प्रमाणीकरण सेवाएं सामान्य होते ही पहले की व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

विभाग ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और निर्धारित उचित मूल्य की दुकानों से पूर्व की भांति राशन प्राप्त करें। विभाग का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारु रखना उसकी प्राथमिकता है और किसी भी पात्र परिवार को खाद्यान्न से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदेश में 19.48 लाख राशन कार्डधारक

सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रदेश में करीब 5,078 उचित मूल्य की दुकानें हैं। इनके माध्यम से लगभग 19.48 लाख राशन कार्डधारकों और 74.26 लाख लाभार्थियों को खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है। क्यूआर कोड स्कैन करने की सुविधा से लाभार्थियों को पहले की तरह राशन मिलता रहेगा।

इसलिए पड़ी जरूरत

  • नियमों के अनुसार, जिस महीने का राशन
आवंटित होता है, उसे उसी महीने उठाना अनिवार्य होता है।
  • महीने के अंत तक राशन नहीं लेने पर कोटा लैप्स हो जाता है।
  • हिमाचल समेत कई राज्यों में बैकलाग व्यवस्था बंद कर दी गई है यानी पिछले महीने का बचा हुआ राशन अगले महीने नहीं मिलेगा।

केस स्टडी- 1: हमीरपुर के गलोड़ निवासी शमशेर गर्ग ने कहा कि लहड़ा कृषि सहकारी समिति में वह दूसरी बार राशन लेने आए हैं। आज भी सर्वर बंद होने की बात कहकर राशन देने से मना कर दिया गया। दो घंटे इंतजार के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

केस स्टडी-2: थाना कलां निवासी राममूर्ति शर्मा ने बताया कि वह सोमवार को राशन लेने के लिए डिपो में गए थे, लेकिन ई-पास मशीन में खराबी के कारण राशन नहीं मिल सका। डिपो संचालक ने मशीन के काम न करने की बात कही। वीरवार को दोबारा राशन लेने पहुंचा, इस बार भी राशन नहीं मिल पाया।

प्रदेशभर में तीन दिन से सर्वर संबंधी तकनीकी समस्या के कारण राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है। सामान्य तौर पर डिपो में राशन 16-17 तारीख के बाद पहुंचता है और माह के अंतिम दिनों तक उसका वितरण किया जाता है। अब माह के केवल पांच दिन शेष हैं। यदि सर्वर समय रहते बहाल नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में पात्र परिवार सस्ते राशन से वंचित रह सकते हैं।