सोनीपत l अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया और संगीता फौगाट 25 नवंबर को शादी के बंधन में बंध जाएंगे। दोनों पहलवानों और उनके परिजनों ने सादगी से शादी करने का फैसला किया है। शादी बिल्कुल सिंपल तरीके से होगी। शादी की सभी रस्में साधारण तरीके से निभाई जाएंगी। कार्यक्रम में दोनों परिवार के 20-20 लोग ही शामिल होंगे। बारात भी नहीं निकाली जाएगी।
बजरंग पूनिया और संगीता फौगाट सिर्फ एक रुपये में शादी करेंगे और वे दहेज के सख्त खिलाफ हैं। इसलिए उन्होंने दहेज न लेने की बात कही है। वहीं शादी में सात नहीं आठ फेरे लिए जाएंगे। 8वां फेरा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नाम का होगा। पहले अलग से समारोह में सगाई किए जाने की योजना थी, लेकिन अब वह भी नहीं होगा। शादी वाले दिन ही संगीता के घर सगाई की रस्में होंगी।
बजरंग के पिता बलवान सिंह ने बताया कि दोनों की शादी के बड़े धूमधाम से करना चाहते थे, लेकिन कोरोना ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। कोरोना नियमों का पालन करना ज्यादा जरूरी है। कोरोना खत्म होने के बाद बड़ा समारोह आयोजित करुंगा।
बजरंग पूनिया और संगीता फौगाट की शादी पिछले साल तय हुई थी। दोनों ओलंपिक 2020 के बाद शादी करने वाले थे। लेकिन कोरोना महामारी फैलने के चलते ओलंपिक टल गए और दोनों ने शादी करने का फैसला ले लिया। बजरंग और संगीता काफी समय से एक दूसरे से परिचित हैं। दोनों ने अपने दिल की बात परिजनों तक पहुंचाई, जिसके बाद परिजनों ने मिलकर उनके रिश्ते को सुखद परिणाम तक पहुंचाया।
सोनीपत में इससे पहले पहलवान विनेश फौगाट की शादी सोमबीर के साथ तथा गीता फौगाट की शादी पवन सरोहा के साथ हुई है, अब संगीता भी सोनीपत के बजरंग पुनिया के साथ विवाह बंधन में बंध रही है।