Bengal Voting: बंगाल चुनाव में 3 बजे तक 79% वोटिंग; BJP नेता मिथुन चक्रवर्ती का बयान- 90% से ज्यादा वोटिंग हुई तो...

बंगाल चुनाव में 3 बजे तक 79% वोटिंग; BJP नेता मिथुन चक्रवर्ती का बयान- 90% से ज्यादा वोटिंग हुई तो समझ जाइए क्या होने वाला

West Bengal Voting Phase 2 Live Update Mithun Chakraborty Statement BJP vs TMC

West Bengal Voting Phase 2 Live Update Mithun Chakraborty Statement BJP vs TMC

West Bengal Voting Phase 2 LIVE: पश्चिम बंगाल में आज बुधवार (29 अप्रैल) को विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए 142 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। जहां पहले चरण के चुनाव की तरह ही दूसरे चरण के इस चुनाव में भी लोग बढ़-चढ़कर वोट कर रहे हैं। बंगाल में वोटिंग इतनी जबरदस्त हो रही है की आंकड़ा यह है कि दोपहर 3 बजे तक ही लगभग 78.68% मतदान दर्ज किया जा चुका है। वहीं इस बंपर वोटिंग को देख बीजेपी अपने लिए फायदा पहुंचने की उम्मीद कर रही है और इसमें अपनी जीत देख रही है। इस बीच BJP नेता मिथुन चक्रवर्ती का एक बड़ा बयान भी सामने आया है।

दरअसल मिथुन चक्रवर्ती काशीपुर बेलगछिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 248 पर वोट डालने पहुंचे थे। वोट डालने के बाद जब उन्होंने मीडिया से बातचीत की और उनसे जब यह सवाल किया गया की वह बीजेपी की जीत मान रहे हैं या नहीं। इस पर मिथुन ने कहा, "मुझे लगता है कि मतदान 90 प्रतिशत से अधिक होगा। और अगर इतना हुआ तो समझ जाइए क्या होने वाला है।" वहीं इसके अलावा पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने भी कहा, "वोटिंग अच्छी हो रही है। बंगाल की जनता जाग चुकी है। TMC की सरकार अब जाने वाली है।''

अनहोनी को होनी कोई नहीं कर सकता है

वहीं उत्तर 24 परगना के बिधाननगर सीट पर अपना वोट डालने पहुंचे पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, "अनहोनी को होनी कोई नहीं कर सकता है. ऊपर वाला बीजेपी के साथ है और अब भगवान भी बंगाल में बदलाव चाहता है और नीचे मनुष्य भी TMC का विसर्जन करके रहेंगे।'' बता दें कि आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें एक सीट भवानीपुर भी है, जहां सीएम ममता बनर्जी का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है। वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह भाजपा के मौजूदा MLA हैं।

बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटें

ज्ञात रहे कि बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं। पहले चरण में 23 अप्रैल को 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों पर मतदान सम्पन्न कराया गया था। इस चरण में बंगाल के इतिहास में रिकॉर्ड 92.88 फीसदी मतदान हुआ। यानि 152 सीटों पर करीब 92.88 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं अब सबकी नजर दूसरे चरण के लिए चुनाव पर है जिसमें बाकी 142 सीटों पर मतदान हो रहा है।

पहले चरण में 110 सीटें जीतने का दावा

बता दें कि, बंगाल के पहले चरण के चुनाव के बाद बीजेपी का दावा है की वह 152 में से 110 सीटें जीत रही है। बंगाल में बहुमत के लिए 148 सीटों की आवश्यकता होती है। 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 77 सीटें जीतकर एक नया रिकॉर्ड बनाया था। दरअसल पश्चिम बंगाल के चुनावी इतिहास में विपक्ष के लिए 100 सीटों का आंकड़ा पार करना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है।