बंगाल चुनाव 2026: दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान, ममता का गढ़ या बीजेपी की बढ़त?
West Bengal Elections 2026:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। दूसरे और अंतिम चरण के तहत आज 142 सीटों पर मतदान जारी है, जो राज्य की सत्ता की दिशा तय करेगा। इस चरण में मुख्य मुकाबला ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है।
सुबह 11 बजे तक राज्य में 39.97% मतदान दर्ज किया गया। अलग-अलग जिलों में मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा—हुगली में 43.12%, हावड़ा में 39.45%, कोलकाता उत्तर में 38.39%, कोलकाता दक्षिण में 36.78%, नदिया में 40.34%, उत्तर 24 परगना में 38.43%, दक्षिण 24 परगना में 37.92% और पूर्व बर्धमान में सबसे ज्यादा 44.50% मतदान दर्ज हुआ।
इस बीच चुनावी माहौल के बीच हिंसा के आरोप भी सामने आए हैं। बसंती विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बिकाश सरदार ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर हमला किया। उनके अनुसार, 200-250 लोगों की भीड़ ने रॉड और बांस की लाठियों से हमला किया और उनके ड्राइवर को भी निशाना बनाया।
यह चरण बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि दक्षिण बंगाल को ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है। अब देखना होगा कि क्या वह इस पकड़ को बरकरार रख पाती हैं या भारतीय जनता पार्टी यहां सेंध लगाकर सत्ता के समीकरण बदल देती है।