मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान, जनता तक पहुंचेंगी उपलब्धियों की जानकारी
लखनऊ। BJP's special public outreach campaign, सरकार की उपलब्धियां बताने वाले मंत्री, सांसद एवं विधायक अब जनता के बीच आंकड़ों और ब्यौरों के साथ पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर भाजपाई आठ से 14 जून के बीच विशेष जनसंपर्क अभियान के जरिए लोगों से जुड़ेंगे।
मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों को रात्रि विश्राम कर न सिर्फ लोगों से संवाद स्थापित करना है, बल्कि उन्हें विकास के तमाम मानकों के आंकड़ों से भी परिचित कराया जाएगा।
मतदाताओं से पार्टी की नीतियों एवं कार्यसंस्कृति को भी साझा करेंगे
मतदाताओं से पार्टी की नीतियों एवं कार्यसंस्कृति को भी साझा करेंगे, बताएंगे कि आखिर नरेन्द्र मोदी एवं सीएम योगी की सरकार अन्य दलों की सरकारों से कैसे अलग है? इन्हीं आंकड़ों, तथ्यों एवं तर्कों की नींव पर जनप्रतिनिधि चुनावी पिरामिड खड़ा करेंगे। लोगों में यह भरोसा जगाने का प्रयास होगा कि पार्टी ‘सबका विकास, सबका प्रयास एवं सबका विश्वास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने में सफल रही है।
प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने जनसंपर्क पर फोकस
पार्टी ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत 11 विषयों पर कार्यकर्ताओं को जानकारियां दीं, जिसमें भारत के सामाजिक एवं राजनीतिक विषय भी शामिल हैं। इस बहाने पार्टी ने ऐसे वक्ताओं को निखारने का प्रयास किया है जो विकास एवं भावनात्मक विषयों को प्रभावशाली तरीके से लोगों के बीच रख पाएं। वर्ग में पहुंचे मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों को भी यह कौशल सिखाया गया है।
रात में चौपाल लगाकर सरकार की उपलब्धियां बताएंगे मंत्री-विधायक
पार्टी जानती है कि केंद्र में 2014 से और प्रदेश में 2017 से चल रही भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार को विपक्ष हर तरफ से घेरेगा। सत्ता रोधी रुझान से भी पार्टी को लड़ना है। ऐसे में मतदाताओं को समझाने के लिए सिर्फ भाषण पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि इसके साथ आंकड़ों एवं नीतियों को भी प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाना है।
केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का ब्यौरा होगा
सरकार आयुष्मान भारत, हर घर नल, शिक्षा, सुरक्षा, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, निवेश, एक्सप्रेसवे और हवाई उड़ानों के बढ़ते नेटवर्क, मेट्रो परियोजनाओं से लेकर किसानों के हितों में जारी दर्जनों योजनाओं के आंकड़ों का पत्रक बनवा रही है, जिसे लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों के पास केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का ब्यौरा होगा। वहीं, गांवों में चौपाल के बहाने जहां किसानों की चौखट पर पार्टी पहुंचेंगी, वहीं भावनात्मक विषयों का इंद्रधनुष उभारा जा सकेगा।