दरवाजे से निकल रहा था खून, कानपुर पुलिस ने ताला तोड़ा तो बेड में बंद मिली महिला की लाश… लिव-इन पार्टनर फरार
Decomposed Body of a Hindu Woman was found in a House
कानपुर। Decomposed Body of a Hindu Woman was found in a House: कानपुर में दिलदहलाने वाला मामला सामने आया है। एक घर में चार दिन से ताला बंद था। उस घर से दुर्गंध आने पर हत्या का राजफाश हुआ। एक महिला का सड़ा हुआ शव मिला। महिला आठ साल से मुस्लिम व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
लक्ष्मीपुरवा के शक्कर मिल खलवा में लिव इन में रह रही महिला की हत्या करने के बाद उसका प्रेमी और गेट पर ताला लगाकर भाग गया। शनिवार सुबह घर से दुर्गंध आने व गेट के नीचे से खून बहता देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस व फोरेंसिक टीम ताला तोड़कर अंदर पहुंची तो शव तख्त के नीचे चादर से ढका हुआ मिला। उसका मोबाइल फोन भी गायब था। पड़ोसियों ने आखिरी बार आरोपित को बुधवार तड़के देखा था। पुलिस हत्यारोपित प्रेमी की तलाश कर रही है।
रायपुरवा थाना क्षेत्र के शक्कर मिल खलवा निवासी आशादेवी की 35 वर्षीय बेटी भारती गौतम आठ साल पहले रोहित उर्फ दिलीप उर्फ वाहिद के साथ चली गई थी। आशा की बहन के बेटे सोनू मल्लाह ने बताया कि मौसी का सात माह पहले सांस की बीमारी के चलते निधन हो गया था। उसके बाद भारती यहां रोहित के साथ रहने आ गई थी। पड़ोसी किशन लाल ने बताया कि बुधवार से भारती के गेट पर ताला लगा हुआ था। शनिवार सुबह गली में काफी दुर्गंध आ रही थी। वहीं गेट के नीचे से खून बहता दिखा तो सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंची तो तख्त का तीन हिस्सा चादर से ढका हुआ था। उसे हटाने पर चादर से ढका हुआ भारती का शव मिला। शव सड़ने लगा था। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। घर पर भारती का मोबाइल नहीं मिला। एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि महिला की हत्या की गई है। हत्या किस तरह से की गई है, पोस्टमार्टम होने के बाद स्पष्ट होगा। महिला के साथ रहने वाले रोहित की तलाश में टीम लगी है। जल्द उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
दोनों में रोज होता था झगड़ा
मां की मौत के बाद भारती अपने प्रेमी रोहित के साथ रहने आई थी। उस समय सभी को लगा कि रोहित हिंदू है लेकिन उसके बाद आए दिन घर पर दंपती के बीच झगड़ा होने लगा। इस दौरान पता चला कि रोहित मुस्लिम है। दोनों के बच्चे नहीं थे। बुधवार तड़के वह घर के बाहर बैठे दिखा था। पूछने पर बोला कि आज नींद नहीं आ रही है। उसके बाद से न रोहित दिखा और न भारती। घर पर ताला लगा था। रोहित नौबस्ता क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस टीम वहां के पते की जानकारी जुटा रही है।
पांच बहनों में सबसे छोटी थी भारती
भारती के मौसेरे भाई सोनू ने बताया कि मौसी आशा देवी की पांच बेटियां थीं। सबसे बड़ी निशा, फिर ऊषा, नीतू, ममता और भारती। निशा की शादी हो चुकी और वह लखनऊ में रहती है। अन्य तीन की पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है।
रोहित ही वाहिद है... जांच में जुटी पुलिस
भारती के साथ लिव इन में रहने वाले युवक का नाम रोहित उर्फ दिलीप बताया गया लेकिन मुहल्ले के लोगों के मुताबिक रोहित मुस्लिम है। शनिवार को भारती का शव ताला बंद कमरे के अंदर मिलने के बाद पुलिस की जांच शुरू हुई तो दो आधार कार्ड मिले। एक में नाम भारती गौतम लिखा था, जबकि दूसरे आधार कार्ड में वाहिद नाम लिखा था, जिसके बाद पुलिस भी उलझ गई। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि वाहिद का पता किदवई नगर क्षेत्र का बताया गया है। अब वाहिद ही रोहित है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस रोहित की तलाश में लगी है।
गला घोटकर की गई हत्या, बिसरा भी सुरक्षित
पोस्टमार्टम में भारती की गला घोंटकर हत्या की गई। हालांकि शव सड़ने लगा था, जिसके चलते बिसरा सुरक्षित रखा गया है। डीसीपी ने बताया कि फोरेंसिक टीम को भी जांच में दुपट्टे से गला कसने के निशान मिले हैं। कमरे से शराब, गिलास और नानवेज भी मिला है।