बोधगया में 'सम्राट' का स्वागत: 1 मई के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

बोधगया में 'सम्राट' का स्वागत: 1 मई के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Samrat Welcomed in Bodh Gaya

बोधगया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 1 मई को प्रस्तावित बोधगया दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शहर में सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

गया जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार लगातार बोधगया का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी के नेतृत्व में बोधगया स्थित आदि शंकराचार्य मठ जाने वाले दोनों मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

गांधी चौक से लेकर थाना क्षेत्र और पच्छटी मोड़ के आसपास तक सड़क किनारे लगे झोपड़ीनुमा दुकान, ठेला और गुमटी को बुलडोजर के माध्यम से हटाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री के काफिले की आवाजाही को सुगम बनाना है।

इस दौरान नगर परिषद बोधगया की टीम भी सक्रिय रही और शहर की टूटी-फूटी नालियों की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि साफ-सफाई और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

शंकराचार्य मठ में पूजा-अर्चना करेंगे मुख्यमंत्री

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने दौरे (CM Samrat choudhary Gayaji visit) के दौरान बुद्ध जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे और बोधगया कॉरिडोर को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी करेंगे। इसके साथ ही वे आदि शंकराचार्य मठ में पूजा-अर्चना करेंगे।

मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर मठ परिसर में भी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सीएम के आगमन को लेकर बोधगया में प्रशासनिक सक्रियता और सघन तैयारियां साफ तौर पर नजर आ रही हैं, जिससे शहर को एक व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा सीएम के आगमन से पहले विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों भी मुस्तैद है।