जमशेदपुर में गैंगवार के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
Rapid-fire shooting amidst gang war in Jamshedpur
जमशेदपुर। Rapid-fire shooting amidst gang war in Jamshedpur, टेल्को थाना क्षेत्र स्थित जेम्को के मिश्रा बगान में शुक्रवार देर शाम अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना रांची के होटवार जेल में बंद प्रकाश मिश्रा के घर और आसपास क्षेत्र में हुई। हालांकि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई।
सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किए। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। सिटी एसपी ललित मीणा, सिटी डीएसपी सुनील चौधरी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और देर रात तक जांच में जुटे रहे।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश और जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सात की संख्या में बदमाश दो बाइक और एक कार से पहुंचे थे। फायरिंग की घटना में विकास झा उर्फ सोनू का नाम सामने आ रहा है।
राजू यादव और संदीप पांडेय के बैठकी स्थल पर तोड़फोड़
बताया जा रहा है कि आरोपी डोबो स्थित एक होटल में जन्मदिन पार्टी मनाने के बाद वहां पहुंचे थे। अपराधियों ने राजू यादव और संदीप पांडेय के बैठकी स्थल पर तोड़फोड़ भी की। बताया जाता है कि विकास झा अपने सहयोगियों के साथ संदीप पांडेय समेत अन्य की तलाश कर रहा था।
प्रकाश मिश्रा के घर के समीप ही संदीप पांडेय का घर है। घटना के बाद आरोपी गली-मोहल्लों में पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान
टेल्को पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जेम्को क्षेत्र में स्थानीय आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व और जमीन विवाद को लेकर पहले भी मारपीट, फायरिंग और हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं। सितंबर 2024 में भी महेश मिश्रा और उसके सहयोगी सूरज पर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें प्रकाश मिश्रा के सहयोगियों के नाम सामने आए थे।
पुलिस पूरे मामले को आपसी गैंगवार और पुरानी दुश्मनी से जोड़कर जांच कर रही है। वहीं टेल्को प्रेम नगर निवासी विकास झा उर्फ सोनू के एक नजदीकी की संदीप पांडेय और अन्य ने पिटाई की थी। हालांकि मामला थाना तक नहीं पहुंचा था। पुलिस पूरे मामले को आपसी गैंगवार और पुरानी दुश्मनी से जोड़कर जांच कर रही है।
वीरे हत्याकांड में सजायाफ्ता रहा है प्रकाश मिश्रा
प्रकाश मिश्रा वर्तमान में होटवार जेल में बंद है और वह वहां से अपने आपराधिक गतिविधि को संचालित करता रहा है। टेल्को में ट्रांसपोर्ट वीरे की हत्या मामले में सजायाफ्ता रहा है।
इस मामले में बरी होने के बाद वह दूसरे आपराधिक मामले में जेल में बंद है। वह क्राइम कंट्रोल एक्ट का आरोपित है। उसने अपने गुर्गो से जमशेदपुर में कई प्रतिष्ठानों पर फायरिंग भी कराई थी। प्रकाश मिश्रा बिहार के सिवान का रहने वाला है।