राज्यसभा में BJP के सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हुई; AAP छोड़कर आए 7 सांसद भाजपा में विलय, सभापति ने दे दी मंजूरी
Rajya Sabha BJP MPs Increased To 113 After Joining AAP Seven MPs
Rajya Sabha BJP MPs Increased: बीजेपी ने संसद के उच्च सदन राज्यसभा में खुद को और मजबूत कर लिया है। जो कभी आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद बने थे, वो अब बीजेपी के सांसद हो गए हैं। दरअसल AAP छोड़कर आए 7 सांसद भाजपा में विलय हो गए हैं। राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इसे मंजूरी दे दी है और इन सातों सांसदों को राज्यसभा में अब बीजेपी सांसदों की लिस्ट में लिस्टेड कर दिया गया है। राज्यसभा से जारी नई लिस्ट में बीजेपी के कुल 113 सांसद शामिल किए गए हैं।
जिसमें सांसद राघव चड्ढा, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता BJP के 113 राज्यसभा सांसदों की लिस्ट में शामिल हैं। यानि आप के बागी सांसद अब राज्यसभा में बीजेपी के सांसद हो गए हैं। ज्ञात रहे कि ये 7 सांसद 24 अप्रैल को AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए थे। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने दिल्ली भाजपा कार्यालय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात करते हुए बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी।
किरण रिजिजू ने किया स्वागत
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने 7 सांसदों के बीजेपी में विलय होने का स्वागत किया है। रिजिजू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखते हुए कहा, "माननीय राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन जी ने AAP के 7 सांसदों के BJP में विलय को मंज़ूरी दे दी है। अब, राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी BJP संसदीय दल के सदस्य हैं।''
किरण रिजिजू ने आगे कहा, ''मैंने लंबे समय से यह देखा है कि इन 7 माननीय सांसदों ने कभी भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया और न ही कभी कोई अनुशासनहीनता या असंसदीय आचरण किया। प्रधानमंत्री मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण करने वाले NDA में आपका स्वागत है और 'टुकड़े-टुकड़े' INDI गठबंधन को अलविदा।"

.jpg)
राज्यसभा सभापति को दी थी जानकारी
राघव चड्ढा ने 24 अप्रैल को प्रेस वार्ता में बताया था कि वह और उनके साथ जो सांसद आप छोड़ रहे हैं और बीजेपी में विलय हो रहे हैं, उसके बारे में राज्यसभा सभापति को जानकारी दी गई है और सबके साइन के साथ उन्हें डॉक्यूमेंट सौंपा गया है। राघव चड्ढा ने इस बीच PM मोदी के फैसलों की भी खूब तारीफ की थी। राघव ने कहा था कि पिछले 12 सालों में भाजपा की केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई ऐसे फैसले लिए हैं जो कि आज से पहले कई नेता लेने से डरते थे। इस नेतृत्व पर जनता ने एक बार नहीं बल्कि 3 बार मुहर लगाई है। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे।
AAP अपने मार्ग से हट गई
AAP नेता राघव चड्ढा ने कहा था, "जिस AAP को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा वह अपने मार्ग से हट गई है। अब यह देशहित के लिए नहीं बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है, इसलिए मैं AAP से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं। राघव चड्ढा ने कहा, हम सभी ने मिलकर इस पार्टी को दिल्ली, पंजाब और देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया था।''
संदीप पाठक ने कहा था- नहीं सोचा था ये स्थिति आएगी
AAP के वरिष्ठ नेता संदीप पाठक ने कहा था, "मैंने अपने जीवन में कभी ये नहीं सोचा था कि ये स्थिति आएगी पर ये आई। 10 साल से इस पार्टी से मैं जुड़ा रहा और आज मैं AAP से अपने रास्ते अलग कर रहा हूं।" बता दें कि संदीप पाठक को आम आदमी पार्टी का चाणक्य भी माना जाता रहा है, वह पार्टी को आगे बढ़ाने में अहम रणनीतिकार रहे। कई चुनावों में आम आदमी पार्टी की जीत के पीछे संदीप पाठक का अहम रोल रहा।