Raghav Chadha quits AAP: आम आदमी पार्टी में बड़ी बगावत; राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत AAP के इतने सांसद BJP में शामिल

आम आदमी पार्टी में बड़ी बगावत; राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत AAP के इतने सांसद BJP में शामिल, केजरीवाल अब क्या करेंगे?

Raghav Chadha quits AAP And Joins BJP With Other Aam Aadmi Party MPs

Raghav Chadha quits AAP And Joins BJP

Raghav Chadha quits AAP: पंजाब के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में बड़ी बगावत सामने आई है। बागी हुए राघव चड्ढा ने AAP छोड़ने के साथ-साथ AAP को तोड़ भी दिया है। आज शुक्रवार दोपहर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने AAP महासचिव (संगठन) और सांसद संदीप पाठक व सांसद अशोक मित्तल के साथ प्रेस वार्ता करते हुए AAP को छोड़ने का ऐलान किया।

इसके बाद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ दिल्ली भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अन्य दोनों नेताओं के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात करते हुए बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली. इस दौरान बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की भी मौके पर मौजूदगी रही। फिलहाल अरविंद केजरीवाल के लिए ये एक बड़ा राजनीतिक झटका है। अब केजरीवाल के अगले कदम पर सबकी नजर है।

राघव बोले- राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सांसद बीजेपी के

राघव चड्ढा ने कहा, आज भारत के संविधान के नियमों का पालन करते हुए, राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई से ज़्यादा सांसद भाजपा में शामिल हो गए हैं। AAP के दो तिहाई यानी 10 में से 7 सांसद राघव चड्ढा के खेमे में हैं। राघव के अनुसार 7 सांसदों ने उस डॉक्यूमेंट पर साइन किए हैं, जिसे राज्यसभा के माननीय चेयरमैन को सौंपा गया था। उन्होंने कहा, "राज्यसभा में AAP के 10 सांसद हैं और इस मुहिम में हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाती मालीवाल और अन्य नेता हमारे साथ हैं।

PM मोदी के फैसलों की तारीफ

AAP नेता राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी के फ़ैसलों की तारीफ की है। राघव ने कहा कि पिछले 12 सालों में भाजपा की केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई ऐसे फैसले लिए हैं जो कि आज से पहले कई नेता लेने से डरते थे। इस नेतृत्व पर जनता ने एक बार नहीं बल्कि 3 बार मुहर लगाई है। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे।

AAP अपने मार्ग से हट गई

AAP नेता राघव चड्ढा ने कहा, "जिस AAP को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा वह अपने मार्ग से हट गई है। अब यह देशहित के लिए नहीं बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है, इसलिए मैं AAP से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं। राघव चड्ढा ने कहा, हम सभी ने मिलकर इस पार्टी को दिल्ली, पंजाब और देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया था।''

संदीप पाठक ने कहा- नहीं सोचा था ये स्थिति आएगी

AAP के वरिष्ठ नेता संदीप पाठक ने कहा, "मैंने अपने जीवन में कभी ये नहीं सोचा था कि ये स्थिति आएगी पर ये आई। 10 साल से इस पार्टी से मैं जुड़ा रहा और आज मैं AAP से अपने रास्ते अलग कर रहा हूं।" बता दें कि संदीप पाठक को आम आदमी पार्टी का चाणक्य भी माना जाता रहा है, वह पार्टी को आगे बढ़ाने में अहम रणनीतिकार रहे। कई चुनावों में आम आदमी पार्टी की जीत के पीछे संदीप पाठक का अहम रोल रहा।

CM भगवंत मान ने कहा- पंजाब को धोखा दिया

AAP के सांसदों के बीजेपी में जाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, भाजपा ने पंजाब को धोखा दिया है, शरद पवार, शिवसेना (UBT), कांग्रेस की पार्टी के लिए भी यही वॉशिंग मशीन इस्तेमाल होती थी। भाजपा का पंजाब में कोई बेस नहीं है।

वहीं AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा, "इनका चरित्र क्या है वो आज देश ने देख लिया। पंजाब में भगवंत मान की सरकार अच्छा काम कर रही है। इनको पता है कि ये किसी हालत में वहां हरा नहीं सकते। वहां आप की सरकार वापस आने वाली है। 3 दिन पहले अशोक मित्तल के यहां ED का छापा पड़ा फिर सभी को उदाहरण दिया गया कि हम आपके यहां भी कर सकते हैं। सभी को तोड़कर फिर ले जाते हैं।"

संजय सिंह ने कहा- ऑपरेशन लोटस का तंत्र

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कहना चाहता हूं कि आपने भगवंत मान के कार्यों को रोकने का जो काम किया है, उसके लिए आपको पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी। आज पंजाब जैसी अच्छी सरकार के साथ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है। प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करके ऑपरेशन लोटस का तंत्र चलाया जा रहा है।''

संजय सिंह ने आगे कहा, आज AAP राज्य सभा के 7 सांसद अलग होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन सातों नामों को पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी। राघव चड्ढा को AAP ने क्या नहीं दिया लेकिन वे भाजपा में चले गए। इन सभी नेताओं को AAP ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाने का काम किया था लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता को धोखा दिया है।