पंजाब की सियासत से बड़ी खबर; अनमोल गगन मान का MLA पद से इस्तीफा मंजूर नहीं; AAP ने इनकार किया, अमन अरोड़ा ने मुलाकात की

Punjab AAP MLA Anmol Gagan Mann Resignation Not Accepted
Anmol Gagan Maan: पंजाब में खरड़ विधानसभा क्षेत्र से AAP की महिला विधायक अनमोल गगन मान ने अचानक इस्तीफे का ऐलान कर सियासत में हलचल मचा दी थी। पूर्व मंत्री अनमोल मान ने विधायकी छोड़ने के साथ-साथ राजनीति से भी दूर होने की बात कही थी। उनके इस फैसले से सभी लोग चौंक गए थे। लेकिन अब खबर आ रही है कि अनमोल गगन मान विधायक बनी रहेंगी। आम आदमी पार्टी ने उनका इस्तीफा मंजूर करने से इनकार कर दिया है। जिसकी जानकारी उन्हें दे दी गई है।
AAP प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा मिलने पहुंचे
आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अनमोल गगन मान से उनके आवास पर आज मुलाकात की है। यह मुलाक़ात विधायक पद से अनमोल मान के इस्तीफा दिए जाने के सिलसिले में ही थी। मुलाकात के बाद अमन अरोड़ा ने जानकारी दी, ''आज मैं अनमोल गगन मान से पारिवारिक माहौल में मिला। मैंने उनसे पार्टी और क्षेत्र की प्रगति के लिए मिलकर काम करते रहने का अनुरोध किया। पार्टी ने विधायक पद से उनका इस्तीफ़ा नामंज़ूर करने का फ़ैसला किया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।''
ਅੱਜ @AnmolGaganMann ਨਾਲ ਪਰਿਵਾਰਿਕ ਮਾਹੌਲ ਵਿੱਚ ਮੁਲਾਕਾਤ ਹੋਈ । ਵਿਧਾਇਕਾ ਵੱਜੋਂ ਓਹਨਾ ਦੇ ਅਸਤੀਫ਼ੇ ਨੂੰ ਪਾਰਟੀ ਵੱਲੋਂ ਨਾਮਨਜ਼ੂਰ ਕਰਨ ਦਾ ਫੈਸਲਾ ਸੁਣਾਇਆ ਜਿਸ ਨੂੰ ਓਹਨਾ ਨੇ ਸਵੀਕਾਰ ਕੀਤਾ ।ਮਿਲ ਕੇ ਪਾਰਟੀ ਅਤੇ ਹਲਕੇ ਦੀ ਚੜ੍ਹਦੀ ਕਲਾ ਲਈ ਕੰਮ ਕਰਦੇ ਰਹਿਣ ਕਿਹਾ ।
ਅਨਮੋਲ @ArvindKejriwal ji ਅਤੇ @AamAadmiParty ਦੇ ਪਰਿਵਾਰ ਦਾ… pic.twitter.com/uJPHktW20w
गौरतलब है कि, अनमोल गगन मान ने एक दिन पहले शनिवार (19 जुलाई) को इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी। अनमोल गगन मान ने लिखा था, ''मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएँ पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।'' अनमोल मान ने यह इस्तीफा तब दिया, जब हाल ही में उन्होंने आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मुलाक़ात की थी।
2022 में खरड़ से विधायक बनी थीं अनमोल गगन मान
पंजाब विधानसभा 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अनमोल गगन मान को खरड़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया था। यह पहला मौका था जब अनमोल गगन मान चुनावी मैदान में थीं। पार्टी ने उनपर भरोसा जताया तो उन्होंने भी खरड़ हलके में पूरी ताकत लगा दी। नतीजा यह हुआ कि अनमोल गगन मान ने पहली बार ही चुनाव लड़कर शिरोमणि अकाली दल के प्रत्यशी रणजीत सिंह गिल को करीब 37,718 वोटों से हरा दिया। गगन को 78,067 मत मिले थे। विधायक बनने के बाद से अनमोल गगन मान इलाके में बेहद सक्रिय रहीं।
पहले ही कैबिनेट विस्तार में मंत्री बनाया
अनमोल गगन मान 2022 विधानसभा चुनाव में जीतने वालीं सबसे युवा नेताओं में से एक थीं। वह पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की काफी करीबी मानी जाती रहीं हैं। अरविंद केजरीवाल ने खरड़ विधानसभा में घर-घर अनमोल गगन मान का प्रचार भी किया था। ऐसे में जब अनमोल मान ने विधानसभा चुनाव जीता तो कैबिनेट के गठन में उनके मंत्री बनने की चर्चा थी। मगर मंत्रिमंडल गठन में उनको जगह नहीं मिली। लेकिन जुलाई 2022 में पंजाब सरकार के पहले कैबिनेट विस्तार में अनमोल गगन मान को मंत्री बनाया गया।
2020 में AAP में शामिल हुईं अनमोल मान
अनमोल गगन मान राजनीति में आने से पहले एक पंजाबी कलाकार रहीं हैं। वह एक पंजाबी गायिका हैं जो अपने पंजाबी लोक और भांगड़ा गीतों के लिए जानी जाती हैं। वहीं अनमोल गगन मान ने साल 2020 में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। अनमोल मान ने पार्टी का कैंपेन गीत भी तैयार किया था। वह काफी लोकप्रिय भी हुआ। अनमोल गगन मान का जन्म 1990 में मानसा में हुआ था। उनकी पढ़ाई-लिखाई चंडीगढ़ से हुई।