पंजाब में AAP विधायक का इस्तीफा; पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान ने MLA पद छोड़ा, लिखा- मेरा दिल भारी, अब मैं राजनीति छोड़ रही

Punjab AAP MLA Anmol Gagan Maan Resigns and Also Quits Politics
Anmol Gagan Maan Resigns: पंजाब की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विधायक और पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान के एक फैसले ने सबको चौंका दिया है। अनमोल गगन मान ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। अनमोल ने सिर्फ विधायकी ही नहीं छोड़ी, बल्कि उन्होंने राजनीति से ही पूरी तरह दूर होने का फैसला किया है।
अनमोल गगन मान ने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। जिसके बाद से पंजाब में राजनीतिक हलचल एकदम तेज हो गई। अनमोल गगन मान ने लिखा, ''मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएँ पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।''
केजरीवाल से मुलाक़ात के बाद इस्तीफा
अनमोल गगन मान ने यह इस्तीफा तब दिया है, जब चार दिन पहले ही 15 जुलाई को उन्होंने आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मुलाक़ात की थी। इस मुलाक़ात की जानकारी अनमोल मान ने सोशल मीडिया पर शेयर की थी। केजरीवाल के साथ तस्वीर शेयर करते हुए अनमोल मान ने लिखा था- ''हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जी के साथ विभिन्न प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। समाज के उत्थान का उनका सपना हमें हमेशा साहस और प्रेरणा से भर देता है।''
Had an in-depth discussion with our National Convenor Shri @ArvindKejriwal Ji on various key issues. His dream of uplifting society always fills us with courage and inspiration. pic.twitter.com/N5IDuh6Wv3
खरड़ से विधायक बनी थीं अनमोल गगन मान
पंजाब विधानसभा 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अनमोल गगन मान को खरड़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया था। यह पहला मौका था जब अनमोल गगन मान चुनावी मैदान में थीं। पार्टी ने उनपर भरोसा जताया तो उन्होंने भी खरड़ हलके में पूरी ताकत लगा दी। नतीजा यह हुआ कि अनमोल गगन मान ने पहली बार ही चुनाव लड़कर शिरोमणि अकाली दल के प्रत्यशी रणजीत सिंह गिल को करीब 37,718 वोटों से हरा दिया। गगन को 78,067 मत मिले थे। विधायक बनने के बाद से अनमोल गगन मान इलाके में बेहद सक्रिय रहीं।
पहले ही कैबिनेट विस्तार में मंत्री बनाया
अनमोल गगन मान 2022 विधानसभा चुनाव में जीतने वालीं सबसे युवा नेताओं में से एक थीं। वह पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की काफी करीबी मानी जाती रहीं हैं। अरविंद केजरीवाल ने खरड़ विधानसभा में घर-घर अनमोल गगन मान का प्रचार भी किया था। ऐसे में जब अनमोल मान ने विधानसभा चुनाव जीता तो कैबिनेट के गठन में उनके मंत्री बनने की चर्चा थी। मगर मंत्रिमंडल गठन में उनको जगह नहीं मिली। लेकिन जुलाई 2022 में पंजाब सरकार के पहले कैबिनेट विस्तार में अनमोल गगन मान को मंत्री बनाया गया।
2020 में AAP में शामिल हुईं अनमोल मान
अनमोल गगन मान राजनीति में आने से पहले एक पंजाबी कलाकार रहीं हैं। वह एक पंजाबी गायिका हैं जो अपने पंजाबी लोक और भांगड़ा गीतों के लिए जानी जाती हैं। वहीं अनमोल गगन मान ने साल 2020 में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। अनमोल मान ने पार्टी का कैंपेन गीत भी तैयार किया था। वह काफी लोकप्रिय भी हुआ। फिलहाल अनमोल गगन मान का पंजाबी गायिका से मंत्री तक का सफर काफी दिलचस्प रहा है। अनमोल गगन मान का जन्म 1990 में मानसा में हुआ था। उनकी पढ़ाई-लिखाई चंडीगढ़ से हुई।