तमिलनाडु में खत्म हुआ सियासी सस्पेंस, जोसेफ विजय बनेंगे नए मुख्यमंत्री

तमिलनाडु में खत्म हुआ सियासी सस्पेंस, जोसेफ विजय बनेंगे नए मुख्यमंत्री

Political Suspense Ends in Tamil Nadu

Political Suspense Ends in Tamil Nadu

चेन्नई। Political Suspense Ends in Tamil Nadu, तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर पांच दिनों से चल रही अनिश्चितता शनिवार को आखिरकार खत्म हो गई। द्रमुक की सहयोगी वीसीके और आइयूएमएल ने टीवीके को सरकार बनाने के लिए बिना शर्त समर्थन दे दिया।

121 विधायकों का समर्थन पत्र लेकर जोसेफ विजय चार दिनों में चौथी बार राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर से मिले। बहुमत के दावे से आश्वस्त होने के बाद राज्यपाल अर्लेकर ने विजय को तमिलनाडु का नया मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है।

10 बजे जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में होगा कार्यक्रम

वह रविवार को 10 बजे जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना है। राज्यपाल ने विजय से 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा है।

सबसे पहले पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने समर्थनका एलान किया

विधानसभा चुनाव में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से तमिलनाडु में कुछ दिनों से राजनीतिक गहमा-गहमी चरम पर थी। 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतकर टीवीके सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी।

इसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी। सबसे पहले पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने समर्थनका एलान किया।

इसके बाद दो-दो विधायकों वाली भाकपा और माकपा ने भी समर्थन दे दिया। विजय फिर भी बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों के जादुई आंकड़े से दूर थे।

टीवीके को कई दिनों तक असमंजस में रखा

टीवीके को कई दिनों तक असमंजस में रखने के बाद तिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके ने शनिवार को समर्थन देने की घोषणा कर दी। कहा कि हम तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन रोकने और जनादेश को पूरा करने के लिए टीवीके को सरकार गठन के लिए समर्थन दे रहे हैं।

वीसीके द्वारा समर्थन देने के तुरंत बाद आइयूएमएल ने भी टीवीके को समर्थन दे दिया। विधानसभा में इन दोनों पार्टियों के दो-दो विधायक हैं। इस तरह टीवीके ने आखिरकार बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया।

हालांकि, वीसीके सहित द्रमुक के सहयोगी दलों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वे द्रविड़ पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा बने रहेंगे।

विजय के पिता और फिल्म निर्माता एसए चंद्रशेखर ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए उनसे तमिलवासियों के लिए सब कुछ करने का आग्रह किया।

विजय के जरिये तमिल लोगों को सफलता मिली है

कहा कि आखिरकार विजय के जरिये तमिल लोगों को सफलता मिली है। इस बीच, विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने में देरी से परेशान एक टीवीके कार्यकर्ता ने तिरुनेलवेली जिले में आत्मदाह का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टीवीके को उस समय गंभीर आरोपों का सामना करना पड़ा जब राजग की सहयोगी एएमएमके ने उस पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया।

एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने टीवीके पर सरकार गठन के लिए अपनी पार्टी के एकमात्र विधायक एस कामराज के ''जाली'' समर्थन पत्र का इस्तेमाल करके विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया, जिसे टीवीके ने खारिज कर दिया।

टीवीके को समर्थन देने वाली कांग्रेस के विधायक हैदराबाद चले गए हैं। वहीं, अन्नाद्रमुक के विधायक पहले से पुडुचेरी के एक रिसार्ट में ठहरे हुए हैं।

वीसीके का एक्स हैंडल निलंबित

एएनआई के अनुसार, एक बड़े और नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम में वीसीके का एक्स हैंडल शुक्रवार को ''एक्स नियमों के उल्लंघन'' का हवाला देते हुए निलंबित कर दिया गया। यह घटनाक्रम तमिलनाडु में गठबंधन सरकार बनाने के लिए टीवीके के समर्थन में वीसीके द्वारा एक पोस्ट लिखे जाने के बाद सामने आया है।

विधानसभा की दलीय स्थिति

  • टीवीके      108
  • द्रमुक        59
  • अन्नाद्रमुक   47
  • कांग्रेस        5
  • पीएमके       4
  • आइयूएमएल  2
  • भाकपा        2
  • वीसीके         2
  • माकपा          2
  • भाजपा           1
  • डीएमडीके       1
  • एएमएमके         1