पटना: जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को बड़ा अधिकार
Patna: Nitish Kumar Vested with Extensive
Patna: Nitish Kumar Vested with Extensive, जदयू विधान मंडल दल की बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी विधायक दल का नया नेता एवं उपनेता चुनने के लिए अधिकृत किया गया। इससे जाहिर है कि नेता चुनने के लिए नीतीश कुमार को अधिकृत करने का यह फैसला पार्टी की एकजुटता और आगे की रणनीति को लेकर लिया गया है।
सोमवार को उनके आवास एक अणे मार्ग पर पूर्वाह्न ग्यारह बजे आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत सभी विधायक, विधान पार्षद और सांसद शामिल हुए।
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद विधान मंडल दल के नए नेता का चयन किया जाना है। इसको लेकर ही यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी।
फिर बिहार यात्रा पर निकलेंगे नीतीश कुमार
बैठक में नीतीश कुमार ने पार्टी के तमाम नेताओं को भरोसा दिलाया कि दिल्ली में संसदीय कार्य के बाद वे पूरे बिहार का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं और जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। हम लोगों ने गठबंधन के साथ मिलकर जो कार्य किए हैं वो कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है या नहीं, इसका भी गठबंधन के सार्थियों और अपनी पार्टी के नेताओं के साथ अवलोकन करेंगे।
'किसी तरह की चिंता नहीं'
बैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य है और किसी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में वे राज्य के विभिन्न हिस्सों में जाकर संगठन को भी मजबूत करेंगे और जमीनी हालात का आकलन करेंगे। उन्होंने यह भी चर्चा की कि वर्तमान में जदयू के दो वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव सरकार में उपमुख्यमंत्री बने हैं।
बैठक के बारे में विधान पार्षद एवं जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विधायक दल के नेता और उपनेता का नाम तय करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया है। आगे वे अपने स्तर से तय करेंगे।
केवल संसदीय कार्य के लिए दिल्ली में रहेंगे नीतीश
नीरज ने यह भी बताया कि बैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि केवल संसदीय कार्य के लिए दिल्ली में रहेंगे। उसके बाद बिहार में समय देंगे। अपनी पार्टी के नेताओं के साथ रहेंगे। वे सिर्फ पटना में ही नहीं, बल्कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में यात्रा पर जाएंगे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठेंगे। बिहार की समस्याओं को जानेंगे और विकास कार्यों का जायजा लेंगे।
नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार कहीं भी रहेंगे पर उनकी आत्मा बिहार में रहती है और अपने प्रदेश के विकास के लिए काम करते रहेंगे।
नीरज ने बताया कि बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री के रूप में किए गए विकास कार्य और उसका सामाजिक प्रभाव को लेकर उनके प्रति आभार प्रकट करने हेतु प्रस्ताव पेश किया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी मंतव्य व्यक्त किए।
सरकार के पास पूरा बहुमत : ललन सिंह
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पत्रकारों से कहा कि एनडीए की सरकार के पास पूरा बहुमत है। विपक्ष के पास कोई ताकत ही नहीं है। जब भी फ्लोर टेस्ट होगा तो सरकार अपना बहुमत साबित करेगी।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास और उनके पिताजी लालू प्रसाद यादव के पास बहुत ज्ञान है। इसी ज्ञान के कारण तो वे 25 सीट पर सिमट गए। इन लोगों को एक ही बात का ज्ञान है कि कैसे अधिक से अधिक धन संपत्ति अर्जित किया जाए।
ललन सिंह ने महिला रिजर्वेशन का विरोध करने पर कांग्रेस और राजद के बारे में कहा कि ये लोग फंस गए। देश भर की महिलाओं की नजर में इनकी पोल खुल गई।