पाकुड़ में SP अनुदीप सिंह का 'एक्शन प्लान': अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस और बंगाल सीमा पर सख्त पहरा

पाकुड़ में SP अनुदीप सिंह का 'एक्शन प्लान': अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस और बंगाल सीमा पर सख्त पहरा

Pakur SP Anudeep Singhs action plan

Pakur SP Anudeep Singh's 'action plan'

पाकुड़। पाकुड़ के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभालने वाले अनुदीप सिंह (Pakur New SP Anudeep Singh) के साथ उनके कार्यों का एक लंबा और सफल अनुभव भी जिले में आया है। इससे पहले कोडरमा एसपी के रूप में उनके कार्यकाल को विशेष रूप से 'क्लीन पुलिसिंग' और अवैध माइनिंग के खिलाफ कड़े प्रहार के लिए याद किया जाता है।

अब पाकुड़ की जनता को उम्मीद है कि जिले की कानून-व्यवस्था में वही सकारात्मक बदलाव यहां भी देखने को मिलेंगे। बताया जाता है कि नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक कोडरमा में एसपी रहते अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई थी।

एसपी के अनुसार यहां भी वही नीति अपनाई जाएगी। अवैध क्रशरों व अवैध परिवहन पर अंकुश लगाकर एसपी सरकारी राजस्व की रक्षा करना चाह रहे हैं।

एसपी ने कहा कि पाकुड़ होकर गुजरे हाइवे एक्सप्रेस पर अपराध और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी गश्त प्रणाली विकसित की जाएगी। पाकुड़ की बंगाल सीमा और मुख्य मार्गों पर सुरक्षा के लिए यह मॉडल काफी कारगर साबित हो सकता है।

जन सुनवाई व पारदर्शिता

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी थानेदारों को निर्देश दिया जाएगा कि जन सुनवाई पर विशेष जोर दें। थानों की कार्यप्रणाली को आम आदमी के लिए सुलभ बनाएं। गरीब व लाचार व्यक्तियों की समस्याओं को प्राथमिकता दें और हर मामले में पारदर्शिता बरतें।

एसपी ने बताया कि पाकुड़ की भौगोलिक स्थिति और चुनौतियों को देखते हुए एक विशेष कार्ययोजना तैयार किया जा रहा है।

जमीनी स्तर पर होगा काम

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांव-गांव में सूचना तंत्र को मजबूत किया जाएगा। ग्राम प्रधान और पैरा लीगल वालंटियर को सक्रिय किया जाएगा। इससे सुदूर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए न्याय की राह आसान होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों का काम किसी भी हाल में नहीं रुकेगा।