नीतीश कुमार की नई राजनीतिक यात्रा: जदयू संगठन और सरकारी योजनाओं पर विशेष फोकस
Nitish Kumar's New Political Journey
पटना। Nitish Kumar's New Political Journey, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार की जो यात्रा इस बार शुरू होने जा रही वह बिल्कुल ही नए फॉर्मेट में होगी। सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ा इनपुट पहले से नीतीश कुमार के पास उपलब्ध होगा।
वह यह देखेंगे कि स्थानीय स्तर पर उन्होंने जो योजनाएं शुरू की थीं वह किस हाल में है। उनकी संभावित यात्रा की रूटीन में यह भी जोड़ा जा रहा कि वह जिला स्तर पर सक्रिय जदयू के नेताओं से भी बात करेंगे।
नीतीश कुमार ने जिस समय यह तय किया था कि वह राज्यसभा जाएंगे, उसी समय उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर यह लिखा था कि वह सरकार के कार्यों व जदयू संगठन पर भी नजर रखेंगे।
दो दिन पहले जब जदयू विधायक दल की बैठक एक अणे मार्ग में हुई तब उन्होंने अपनी संभावित यात्रा के बारे में जदयू विधायकों को बताया था।
बदलेगा नीतीश की यात्रा का फॉर्मेट
आम तौर पर अपनी यात्रा में क्रम में नीतीश कुमार बतौर मुख्यमंत्री प्रमंडल व जिले के वरिष्ठ अधिकारिया्ें के साथ समाहरणालय परिसर में बैठक किया करते थे। याेजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा होती थी। इस बार उनकी जो यात्रा हो रही है उसमें यह नहीं होगा। योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ा इनपुट पहले से ही उनके पास होगा।
लोकल लेवल पर लेंगे फीडबैक
अपने दल के लोगों से स्थानीय स्तर पर वह योजनाओं के क्रियान्वयन की गति पर फीडबैक लेंगे। अगर कोई अडचन है तो फिर उसे दूर करने को ले किस तरह के काम चल रहे।
मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं का कार्यारंभ व शिलान्यास किया था। उसकी वर्तमान स्थिति का वह जायजा लेंगे।
एनडीए के घटक दल के रूप में वह इन योजनाओं की गति पर उच्च स्तर पर विमर्श करेंगे। इसके अलावा पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव के पहले कई महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के नए सिरे से शुरू कराया था। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि में बढ़ोतरी की गयी थी।
इन योजनाओं के अपडेट पर भी वह बात करेंगे। सरकार के गठन के बाद सात निश्चय-3 के तहत ली गई योजनाओं का भी हाल देखेंगे।
महत्वपूर्ण यह है कि इस बार की यात्रा में नीतीश कुमार जदयू के स्थानीय नेताओं को भी अुपना कुछ समय देंगे। उनके साथ सरकार की योजनाओं के साथ-साथ संगठन पर भी बात होगी। किस तरह से उन्हें सक्रिय रहना है इस पर भी बात होगी। स्थानीय विधायक व जनप्रतिनिधि भी उनकी यात्रा में जुड़ेंगे।