Monsoon may reach Himachal by June 20, see how it will rain

हिमाचल में 20 जून तक पहुंच सकता है मानसून, देखें कैसी रहेगी बरसात

Mansoon-in-himachal

Monsoon may reach Himachal by June 20, see how it will rain

शिमला। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में मानसून 20 जून तक दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून अपनी तय समय अवधि के भीतर प्रदेश पहुंच रहा है। पिछले साल प्रदेश में मानसून अपनी तय समय अवधि से पहले यानी 13 जून को हिमाचल पहुंचा था। पिछले साल के मुकाबले इस साल मानसून 7 दिन बाद यानी 20 जून की प्रदेश में दस्तक दे रहा है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल के मुताबिक मानसून के प्रदेश में पहुंचने के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इस बार मानसून के सामान्य रहने की उम्मीद है।

पिछले साल 17 फीसदी कम हुई थी बारिश

पिछले साल मानसून के जल्दी पहुंचने पर भी 17 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई थी। प्रदेश में मानसून सीजन में कुल 83.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जो सामान्य से 17 प्रतिशत कम दर्ज की गई थी। प्रदेश में पिछले 3 साल में मानसून के दौरान हुई बारिश का रिकॉर्ड देखें तो यह सामान्य से कम ही बारिश रिकॉर्ड दर्ज की गई। 2020 में प्रदेश में 68.1 मिलीमीटर बारिश हुई थी जो सामान्य से 35 फीसदी कम थी। 2019 में प्रदेश में 54.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी जो सामान्य से 46 फीसदी कम थी।

461 लोगों की हुई थी मौत

पिछले साल मानसून के कम बरसने के बाद भी बारिश से जानमाल को भारी नुकसान हुआ था। मानसून के दौरान प्रदेश में 1151 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। इस दौरान प्रदेश में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से 461 लोगों की मौत भी हुई थी।