MGL का बड़ा ऐलान: PNG-CNG सप्लाई जारी, नए कनेक्शन पर मिलेगी मुफ्त गैस और छूट
- By Gaurav --
- Tuesday, 24 Mar, 2026
MGL Assures Uninterrupted PNG-CNG
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण एलपीजी सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।
इसके साथ ही MGL ने नए घरेलू ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार 16 मार्च से 30 अप्रैल के बीच PNG कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को 500 रुपये की मुफ्त गैस दी जाएगी। वहीं, जिन नई इमारतों में 60 प्रतिशत से अधिक निवासी PNG कनेक्शन लेते हैं, वहां रहने वाले लोगों को 1,000 रुपये तक की अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आशु सिंघल ने कहा कि ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सेवाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है और गैस की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद है।
MGL ने यह भी घोषणा की है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने पर उपभोक्ताओं को 500 रुपये की तत्काल छूट मिलेगी। इसके अलावा यदि किसी अवधि में गैस का उपयोग नहीं होता है तो उस दौरान न्यूनतम शुल्क भी माफ किया जाएगा।