दिल्ली में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार
Late-night encounter between police and criminals in Delhi
Delhi Encounter News: राजधानी दिल्ली में बदमाशों और पुलिस के बीच लुका-छिपी का खेल शनिवार देर रात एक खूनी मुठभेड़ में बदल गया। दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने जाकिर हुसैन कॉलेज के बाहर हुई एक मुठभेड़ के बाद दो शातिर अपराधियों, साहिल और अविनाश को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और फिलहाल वे अस्पताल में भर्ती हैं।
करोल बाग फायरिंग से जुड़े थे तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश साहिल और अविनाश पिछले कुछ दिनों से दिल्ली पुलिस की 'मोस्ट वांटेड' लिस्ट में थे। इन दोनों ने हाल ही में दिल्ली के पॉश इलाके करोल बाग में सरेराह गोलियां चलाई थीं, जिसके बाद से स्पेशल स्टाफ की टीमें इनकी तलाश में खाक छान रही थीं।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
स्पेशल स्टाफ की टीम को बीती रात पुख्ता सूचना मिली थी कि करोल बाग कांड के आरोपी जाकिर हुसैन कॉलेज के पास किसी से मिलने या किसी वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने बदमाशों को रुकने का इशारा किया, उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस के अनुसार दोनों तरफ से करीब 10 राउंड गोलियां चलीं। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जो सीधे दोनों बदमाशों के पैरों में लगीं। घायल होते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए साहिल और अविनाश को दबोच लिया।हथियार बरामद और आगे की कार्रवाई
मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से पुलिस ने बदमाशों द्वारा इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन बदमाशों के तार और किन-किन गैंग्स से जुड़े हैं और करोल बाग में फायरिंग के पीछे उनका असली मकसद क्या था।